शाहजहांपुर। डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में विधान सभा-131 कटरा एवं विधानसभा-133 तिलहर में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण में नो-मैपिंग वाले मतदाताओं की जारी नोटिसों की सुनवाई तथा उन पर निर्णय संबंधी बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान विधानसभा तिलहर के सुपरवाइजर लेखपाल शिवम के एसआईआर का कार्य न करने पर डीएम ने निलंबन और बीएलओ मोहम्मद अली के कार्य में रुचि न लेने पर कार्रवाई के निर्देश दिए।
कलक्ट्रेट के बिस्मिल सभागार में आयोजित बैठक में डीएम ने एईआरओ को निर्देश दिए कि नोटिस सुनवाई में निर्वाचन आयोग की ओर से अधिकृत दस्तावेज ही मतदाता से लिए जाएं। अब नो मैपिंग मतदाताओं की नोटिस की सुनवाई के साथ-साथ तार्किक विसंगतियों की सुनवाई के लिए नोटिस जारी करना प्रारंभ करें। डीएम ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कहा कि आपसी समन्वय से कार्य करके इस कार्य को जल्द से जल्द पूर्ण करना सुनिश्चित करें। इस दौरान एडीएम प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र, एसडीएम कलान अभिषेक प्रताप सिंह, एसडीएम तिलहर सदानंद सरोज आदि मौजूद रहे।