शाहजहांपुर के कलक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को अधिकारियों के साथ गन्ना मूल्य भुगतान और गन्ना सर्
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। डीएम उमेश प्रताप सिंह ने जिले की उन सभी चीनी मिलों को एक सप्ताह में बकाया गन्ना मूल्य का किसानों को भुगतान करने के निर्देश दिए, जिन पर पेराई सत्र खत्म होने के बाद भी किसानों की गन्ना देयता बकाया है। कलक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को हुई गन्ना मूल्य भुगतान और गन्ना सर्वे से संबंधित बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीएम ने बजाज ग्रुप की मकसूदापुर मिल के कम भुगतान पर नाराजगी जताई।
एडीएम प्रशासन रामसेवक द्विवेदी ने गन्ना सर्वे में लापरवाही नहीं करने की चेतावनी देते हुए उन सभी गांवों में क्रॉस चेकिंग कराने के निर्देश दिए, जहां से विगत वर्षों में गन्ना सर्वे को लेकर शिकायतें मिल चुकी हैं। निगोही चीनी मिल के गन्ना महाप्रबंधक आशीष त्रिपाठी ने बताया कि उनकी मिल ने गन्ना मूल्य का शत-प्रतिशत भुगतान कर दिया है। रोजा चीनी मिल के यूनिट हेड मुनेश पाल ने बताया कि 235.90 करोड़ रुपये देयता के सापेक्ष 212.09 करोड़ रुपये का भुगतान मिल द्वारा किया जा चुका है और शेष 23.80 करोड़ रुपये का भुगतान 15 मई तक कर दिया जाएगा।
तिलहर मिल के प्रधान प्रबंधक जंग बहादुर यादव ने बताया कि एक सप्ताह में मिल की ओर से सात करोड़ रुपये का भुगतान कर दिया जाएगा और शेष भुगतान शासन से धनराशि मिलने पर किया जा सकेगा। इसी क्रम में पुवायां मिल के प्रधान प्रबंधक दानवीर सिंह ने स्पष्ट किया कि मिल पर किसानों का 38.85 करोड़ रूपये गन्ना मूल्य बकाया है और इसके लिए शासन से धनराशि मांगी गई है।
डीएम ने मकसूदापुर मिल के कम भुगतान पर काफ़ी नाराजगी व्यक्त कर जिला गन्ना अधिकारी डॉ. खुशीराम भार्गव को निर्देश दिया कि एक सप्ताह में बकाया भुगतान की स्थिति ठीक नहीं होने पर संबंधित मिलों के खिलाफ आरसी (वसूली प्रमाण पत्र) जारी कराने के लिए गन्ना आयुक्त से पत्राचार करें। गन्ना सर्वे की समीक्षा के दौरान एडीएम द्विवेदी ने बीते वर्षों में जिन गांवों से सर्वे को लेकर ज्यादा शिकायतें मिली हैं, वहां सर्वे की जांच जरूर करा ली जाए।
उन्होंने कहा कि ज्यादा शिकायत वाले गांवों की सूची ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक संबंधित एसडीएम को उपलब्ध कराएं और एसडीएम राजस्व टीम से ऐसे गांवों की क्रॉस चेकिंग कराएं। बैठक में चीनी मिल अधिकारियों समेत सभी ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक और सहकारी गन्ना समितियों के सचिव आदि मौजूद रहे।