तिलहर सीओ ने मतदान केंद्रों का जायजा लिया।
- फोटो : SHAHJAHANPUR
तिलहर। पुलिस उपाधीक्षक अरविंद कुमार और थाना प्रभारी रविंद्र सिंह ने रविवार को तहसील क्षेत्र के एक दर्जन मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। खामियां पाए जाने पर रिपोर्ट बनाकर उच्चाधिकारियों को प्रेषित की।
गांव बरैंचा, दूल्हा ढकिया, बख्तियारपुर, रानी खिरिया, भटपुरा, रटा, बंथरा, कपसेड़ा में पहुंच कर वहां प्राथमिक विद्यालय में बने मतदान केंद्र का जायजा लिया। इस दौरान मतदान केंद्र की बाउंड्री, खिड़की, दरवाजे, शौचालय सहित एप्रोच रोड का भी निरीक्षण किया। प्रधान और ग्रामीणों को बुलाकर निष्पक्ष चुनाव कराने का संकल्प दोहराया। पुलिस उपाधीक्षक अरविंद कुमार ने कहा कि चुनाव के समय किसी भी प्रकार की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने क्षेत्र में कच्ची शराब की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाए जाने के निर्देश दिए। थाना प्रभारी रवींद्र सिंह से पिछले विधानसभा चुनाव में क्षेत्र के अति संवेदनशील, संवेदनशील, अति संवेदनशील प्लस मतदान केंद्रों की भी जानकारी ली। थाना प्रभारी रविंद्र सिंह ने बताया कि निरीक्षण में पाई गई खामियों की रिपोर्ट बनाकर संबंधित उच्चाधिकारियों को प्रेषित की जा रही है।