बजाज चीनी मिल गेट पर धरने पर बैठे किसान
- फोटो : POWAYAN
बंडा। पिछले वर्ष बेचे गए गन्ने का भुगतान कराने को लेकर राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन का बजाज चीनी मिल मकसूदापुर गेट पर चल धरना-प्रदर्शन नौवें दिन भी जारी रहा। सोमवार को दोपहर दो बजे किसान नेता वीएम सिंह भी धरना स्थल पर पहुंच रहे हैं।
संगठन के जिलाध्यक्ष अमरजीत सिंह ने बताया कि लगातार नौ दिन से धरना-प्रदर्शन चल रहा है। किसान भीषण सर्दी में धरने पर बैठे हुए हैं। चीनी मिल प्रबंधन हठधर्मिता पर उतारू है। मिल प्रबंधन कभी बिजली का बकाया मिलने तो कभी चीनी बेचकर भुगतान देने की बात कहता है। मिल ने गन्ना खरीदते समय ऐसी कोई शर्त नहीं रखी थी कि बिजली का भुगतान मिलने पर किसानों को गन्ने का बकाया दिया जाएगा।
अधिकारी भी किसानों की समस्या को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। ऐसे में किसानों के पास आंदोलन ही एकमात्र रास्ता है। 13 दिसंबर को दोपहर दो बजे संगठन के मुखिया वीएम सिंह भी धरना स्थल पर पहुंच रहे हैं। उधर, भाकियू चढ़ूनी गुट ने भी धरने का समर्थन दिया और उनके कार्यकर्ता भी प्रदर्शन में शामिल हुए।
भकियू जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह गिल ने कहा कि चीनी मिल प्रबंधन पर अधिकारियों को कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। किसानों को पूरा भुगतान तत्काल दिलाने के साथ ही इस वर्ष खरीदे जा रहे गन्ने का भुगतान भी 14 दिन में दिलाना चाहिए। रविवार को धरना स्थल पर संदीप सिंह, वीरपाल सिंह, गुरनाम सिंह, बलवीर सिंह, कमल कुमार, लखविंदर सिंह, रामनाथ, नेत्रपाल सहित तमाम किसान मौजूद रहे।