निगोही में आयोजित निगोही प्रीमियर लीग में शॉट खेलने को तैयार खिलाड़ी। संवाद
शाहजहांपुर। निगोही में पुवायां मार्ग पर स्थित राइस मिल के मैदान पर आयोजित प्रीमियर लीग में मंगलवार को इंडियंस और किंग्स इलेवन के बीच क्रिकेट का मुकाबला हुआ, जिसे इंडियंस ने 46 रन से जीतकर लीग के प्ले ऑफ (सेमीफाइनल) में जगह बना ली।
इंडियंस के कप्तान मुन्ना नदीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी कराई। निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट खोकर 241 रन का विशाल स्कोर बनाया। इसमें कप्तान ने शानदार शतक जमाते हुए 116 रन की पारी खेली, जबकि अंकित ने 38 रन बनाए। किंग्स इलेवन के लिए अप्पन, जितेंद्र और कमरुल ने दो-दो विकेट चटकाए।
जवाब में किंग्स इलेवन ने अच्छी शुरुआत की, लेकिन बाद में सभी बल्लेबाज जल्दी-जल्दी आउट होकर पवेलियन लौट गए। किंग्स इलेवन निर्धारित 20 ओवर में 195 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। इंडियंस यह मुकाबला जीतकर 12 अंकों के साथ अंक तालिका में शिखर पर पहुंच गई है। इंडियंस के लिए अशहर खां ने तीन और शोभित व सुरजीत ने दो-दो विकेट झटके।
मैच में शानदार शतक जमाने के लिए विजेता टीम के कप्तान को मैन ऑफ द मैच चुना गया। एनपीएल के चेयरमैन राजेश सिंह ने उन्हें पुरस्कृत किया। आज के मैच में परवेज खां, अरशद खां, अभिषेक आदि तमाम क्रिकेट प्रेमी मौजूद रहे। संवाद