डिग्री कॉलेजों में सीट लॉक करने में आ रही दिक्कत, बढ़ाई जा सकती है तिथि
शाहजहांपुर। स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय में प्रवेश प्रक्रिया के दौरान पोर्टल पर अधिक लोड होने से विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सीट लॉक करने में कॉलेजों में काफी दिक्क्त आ रही है। संभावना है कि विश्वविद्यालय सीट लॉक करने की तिथि को बढ़ा सकता है।
तय समय के बाद विश्वविद्यालय ने पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन और विषय परिवर्तन की प्रक्रिया बंद कर दी। अब अभिलेखों का सत्यापन करने के साथ ही सीट लॉक की जा रही है। शुक्रवार को सीट लॉक करने की अंतिम तिथि है। लेकिन, पोर्टल पर लोड अधिक होने के कारण कॉलेजों में सीट लॉक करने में दुश्वारी आ रही है। एक सीट लॉक करने में काफी समय लग रहा है। विश्वविद्यालय के प्रवेश प्रभारी आदित्य सिंह ने बताया कि जरूरत पड़ने पर सीट लॉक कराने की अंतिम तिथि बढ़ाई जा सकती है। शुक्रवार को पूरी स्थिति की समीक्षा के बाद इस संबंध में निर्णय लिया जाएगा। संवाद