शाहजहांपुर। पितृ पक्ष के पुण्यदायी अवसर पर पुलिस चौकी उस्मान बाग स्थित श्री रुद्र बाला जी धाम में सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा पितृ मोक्ष यज्ञ का शुभारंभ हुआ। आयोजन के पहले दिन धाम परिसर से कलशयात्रा निकाली गई।
पीले और लाल वस्त्रों में सजीं महिलाओं ने सिर पर मंगल कलश धारण कर क्षेत्र की परिक्रमा की। ढोल के साथ निकली कलशयात्रा में श्रद्धालु भजनों पर झूमते नजर आए। हरे कृष्ण-हरे राम और जय श्री रुद्र बालाजी महाराज के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया। धाम के पं. डॉ. कान्हा कृष्ण शुक्ल ने बताया कि पितृ पक्ष में भक्ति, दान और कथा श्रवण का विशेष महत्व है।
शुक्रवार से व्यास आचार्य पं. अंकुर शुक्ल ब्रजराज दास प्रतिदिन दोपहर दो से शाम छह बजे तक कथा सुनाएंगे। आयोजन में डीके सक्सेना, राजीव त्रिवेदी, राजीव दीक्षित, श्यामा चरण, रामदास, पवन, अतुल अरोड़ा, अलका अरोड़ा, डॉ. आरके अवस्थी, डॉ. शालू अवस्थी आदि श्रद्धालु शामिल रहे। संवाद
भक्त प्रह्लाद प्रसंग सुनकर भक्तिभाव में डूबे श्रद्धालु
कुर्रियाकलां। गांव के महादेव मंदिर में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में कथाव्यास अनिल मिश्रा ने भक्त प्रह्लाद का प्रसंग सुनाया। उन्होंने कहा कि भक्त प्रह्लाद ने माता कयाधु के गर्भ में ही नारायण नाम का मंत्र सुना था। इसी संस्कार के कारण वह भगवान की भक्ति में लीन रहे और अनेक कष्टों के बावजूद उनकी आस्था नहीं डिगी।
कथाव्यास ने कहा कि माता-पिता को बच्चों को बचपन से ही धर्म और आध्यात्म का ज्ञान देना चाहिए। माता-पिता की सेवा, प्रेम और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना ही धर्म का मूल है। कथा के दौरान ब्लॉक प्रमुख श्रीदत्त शुक्ला और राजकमल बाजपेई का आयोजक उमेश अग्निहोत्री ने श्री राधा-कृष्ण का चित्र भेंटकर सम्मानित किया। इस दौरान ब्रजेश अग्निहोत्री, ओमप्रकाश मिश्रा, योगेश शर्मा, अवनीश अग्निहोत्री, उदित दीक्षित समेत श्रद्धालु मौजूद रहे। संवाद
शाहजहांपुर में श्रीमद्भागवत कथा से पहले कलश यात्रा निकालते श्रद्धालु। संवाद