थाना रोजा क्षेत्र की आदर्श नगर कॉलोनी में रहने वाले लोगों ने मंगलवार कोे एसपी कार्यालय में प्रदर्शन किया। आरोप है कि रंगदारी नहीं देने पर एक वकील ने दो नाबालिगाें के खिलाफ छेड़खानी का झूठा मुकदमा दर्ज करा दिया। मामले में एएसपी सिटी ने जांच के आदेश दिए हैं।
रोजा की आदर्श नगर कालोनी में रहने वाले रामदत्त गुप्ता की पत्नी ने एएसपी सिटी राजेश कुमार को दिए पत्र में बताया कि मोहल्ले में रहने वाला एक वकील रुपये कमाने की नीयत से लोगों के झूठे मुकदमे में फंसा देता है। आरोप है कि 20 अप्रैल की रात करीब आठ बजे वकील अपनी बेटी और बेटे के साथ उनके घर में आया। वकील ने एक लाख रुपये रंगदारी की मांग की। रुपये नहीं देने पर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। अगले दिन वकील ने अपनी बेटी से छेड़खानी का आरोप लगाते हुए उनके 17 वर्षीय बेटे देवेश और उसके साथी अतुल के खिलाफ झूठा मुकदमा लिखा दिया। पीड़ित ने एएसपी सिटी से मामले में निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। प्रदर्शन करने वाले लोगों में किशोर गुप्ता, पीयुष तिवारी, रावेंद्र गुप्ता, रामदास, अजयपाल, अवनीश, ऊषा देवी, रामबेटी, शारदा गुप्ता, चमेली आदि शामिल थीं।