शाहजहांपुर में निजी बस से नदारद अग्निशमन यंत्र व फर्स्ट एड बॉक्स। संवाद
- फोटो : सांकेतिक
शाहजहांपुर। निजी बसें सिर्फ लंबे रूट पर ही नहीं दौड़ रहीं, बल्कि लोकल मार्ग पर भी चलकर परिवहन निगम के राजस्व को नुकसान पहुंचा रहीं हैं। टूरिस्ट बस के नाम पर रोडवेज बस अड्डे के सामने से सवारियां बुलाकर बैठाया जा रहा है। इन बसों में मानकों का भी ध्यान नहीं रखा जाता है।
परिवहन विभाग के आंकड़ों में मात्र 22 स्लीपर और 210 निजी बसें पंजीकृत हैं। इनमें अधिकतर बसों को दिल्ली रूट पर दौड़ाया जा रहा है। इसके अलावा हरदोई, शाहबाद रूट पर भी निजी बसें चल रहीं हैं। अशफाक नगर चौकी से आगे हरदोई बस स्टैंड से बसें नंबर के हिसाब से चलती हैं। अधिकतर बसों पर टूरिस्ट लिखा है, लेकिन इन्हें डग्गामार वाहनाें की तरह चलाया जाता है।
रोडवेज बस अड्डे के सामने से बसों को खड़ा कर आवाज लगाकर सवारियों को भरा जाता है। जाम लगने के बावजूद यातायात पुलिस या परिवहन विभाग इनके ऊपर कार्रवाई नहीं करता है। बसों से सामान ढोने का नियम नहीं है। फिर भी इनमें सामान भरकर ले जाया जाता है। अहम बात यह है कि बसों में अग्निशमन यंत्र व फर्स्ट एड बॉक्स तक नहीं है। अधिकारी इन बसों की चेकिंग नहीं करते हैं। ऐसे में बिना मानक के ही बसों को चलाया जा रहा है।
बिना मानक के चलने वाली निजी बसाें पर कार्रवाई के लिए एआरटीओ के साथ मिलकर कार्रवाई की जाएगी। लगातार चेकिंग अभियान चलाएंगे।
- संजय कुमार, सीओ यातायात
निजी बसाें के खिलाफ लगातार चेकिंग अभियान चला रहे हैं। गत दिनों छह बसों को सीज कर 21 का चालान किया गया है। शनिवार को खुटार में एक बस का चालान किया है।
- सर्वेश सिंह, एआरटीओ प्रवर्तन
शाहजहांपुर में निजी बस से नदारद अग्निशमन यंत्र व फर्स्ट एड बॉक्स। संवाद- फोटो : सांकेतिक