0 मुख्यमंत्री से नहर खंड में जांच कराने की गुहार
सिंचाई विभाग के शारदा नहर खंड में किसानों को अवैध कुलाबे लगाने की छूट देकर उनसे प्रतिमाह हजारों की रकम वसूली जा रही है। इस संबंध में अनुसूचित जाति जनमोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष हरी नंदन स्वरूप ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में एक अधिकारी पर नहरों के आसपास की सरकारी जमीन के पट्टे चहेतों को देकर उनसे फसल के बदले कमाई करने का आरोप लगाते हुए जांच कराने की गुहार की है।
शारदा नहर खंड के सीतापुर मंडल में गत 19 वर्ष से तैनात अधिकारी को इन अनियमितताओं के लिए जवाबदेह ठहराते हुए मुख्यमंत्री को बताया गया कि अधिकारी के मौखिक निर्देश पर सींचपालों के स्तर से अवैध कुलाबे लगाए जा रहे हैं। नहर चौकी भांभी और सिंगापुर क्षेत्र में ऐसे कई कुलाबे देखे जा सकते हैं। हर कुलाबे से पानी लेने वाले किसानों से हजारों की रकम वसूली जा रही है।
मुख्यमंत्री को पत्र में यह भी अवगत कराया गया कि नहर कोठी सिंगापुर के पास नहर के दोनों ओर, महुआ पाठक कोरोकुइयां नहर कोठी के उत्तर दिशा में और नगला बलेटू गांव के पास 19 एकड़ सरकारी जमीन पर वास्तविक पट्टाधारकों के बजाय अन्य लोग अधिकारी की सहमति से खेती कर रहे हैं। इस संबंध में पहले भी कई बार शिकायतें की गईं, लेकिन तत्कालीन सपा सरकार के राजनीतिक दबाव के कारण कार्रवाई होना तो दूर रहा, जांच तक नहीं की गई।