फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पुवायां में तीन साल से बेची जा रही थी इफको की नकली डीएपी खाद

विज्ञापन
विज्ञापन
पुवायां/खुटार (शाहजहांपुर)। पुवायां के गांव गुटैया में इफको की दुकान से तीन साल से नकली डीएपी खाद बेचकर किसानों को भारी नुकसान पहुंचाया जा रहा था। एक किसान की सतर्कता से मामला पकड़ में आने के बाद दुकान को सील कर दिया गया है। रविवार को जिला कृषि अधिकारी डा. सतीश चंद्र पाठक, इफको के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक एके पालीवाल पुलिस ने छापेमारी कर दुकान से चार बोरी नकली डीएपी खाद और कई खाली बोरिया बरामद कीं। पुलिस ने मामले रिपोर्ट दर्ज कर एक दुकान संचालक और एक चालक को गिरफ्तार किया है। हालांकि चालक को रिपोर्ट में शामिल नहीं किया गया है।
विज्ञापन

खुटार के गांव नवदिया प्रेमराज निवासी लखविंदर सिंह ने गुटैया कृषक सेवा केंद्र से 15 दिन पूर्व 50 बोरी इफको की डीएपी खाद खरीदी थी। एक पिकअप चालक खाद को उनके फार्म पर उतार आया था। 30 बोरी डीएपी उन्होंने आलू की फसल बोते समय डाल दी थी। 20 बोरी खाद उनके पास रखी थी। लखविंदर सिंह को पता चला कि शाहजहांपुर में एक खाद विक्रेता के यहां छापे में नकली खाद पकड़ी गई है। उन्होंने सहकारी समिति और गुटैया से ली गई डीएपी का मिलान किया तो पता चला कि दुकान से ली गई खाद नकली है। इसके बाद शनिवार को लखविंदर सिंह ने पुलिस को नकली खाद बेचे जाने की जानकारी दी। लखविंदर सिंह ने पिकअप चालक के बारे में भी पुलिस को बताया। लखविंदर के बताए अनुसार पुलिस ने शाहजहांपुर के मोहल्ला लोधीपुर निवासी चालक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने बताया कि शाहजहांपुर के भंडार पर नकली डीएपी को इफको की बोरियों में भरकर दुकानों पर सप्लाई किया जाता था। वह पिकअप से डीएपी को दुकान पर ले जाता था। रविवार सुबह लखविंदर सिंह ने मामले की जानकारी भाजपा जिलाध्यक्ष हरीप्रकाश गंगवार को दी तो उन्होंने अधिकारियों को कार्रवाई के लिए कहा। इसके बाद मामले में तेजी आई। रविवार को जिला कृषि अधिकारी डॉ. सतीश चद्र पाठक, इफको के मुख्य क्षेत्र प्रबंधक एमके पालीवाल खुटार पहुंचे। बाद में वह खुटार और पुवायां पुलिस के साथ गुटैया पहुंचे। गुटैया कृषि सेवा केंद्र को खुलवाया तो वहां पर चार बोरी नकली डीएपी बरामद हुई। इसके बाद दुकान को सील कर दिया गया। दुकान के संचालक से पूछताछ के बाद देर शाम खुटार पुलिस, जिला कृषि अधिकारी और इफको के अधिकारी छापेमारी करने शाहजहांपुर चले गए।
मामले में छापेमारी और जांच चल रही है। कार्रवाई पूरी होने के बाद रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। बिना लाइसेंस बीज बेचे जाने के मामले में भी कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन

- डॉ. सतीशचंद्र पाठक, जिला कृषि अधिकारी शाहजहांपुर
लगभग 20 दिन पूर्व इफको की नकली डीएपी बेचे जाने की जानकारी मिली थी। पिकअप से नकली खाद की सप्लाई होती थी। यूपी-112 पर सूचना देकर पिकअप को पकड़वाने में मदद मांगी गई थी। किसान की जानकारी पर जांच की गई। किसान से मिली 20 बोरी और दुकान से मिली चार बोरी डीएपी नकली है। बोरी, पैकिंग सब नकली है।
- एके पालीवाल, मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक, इफको, शाहजहांपुर
इनके खिलाफ दर्ज की गई रिपोर्ट
जिला कृषि अधिकारी डॉ. सतीशचंद्र पाठक की तहरीर पर इफको की गुटैया स्थित दुकान स्वामी राजेश शर्मा, खाद बिक्री करने वाले पुवायां के मोहल्ला कमलबाग निवासी सोनू गुप्ता, शाहजहांपुर से खाद सप्लाई करने वाले लोधीपुर के अतुल कुमार के खिलाफ धारा 420, 467, 468, 419, कॉपीराइट एक्ट 1955 और आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7, उर्वरक नियंत्रण आदेश की धारा सात, आठ और 19 के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। एसओ जयशंकर सिंह ने रिपोर्ट दर्ज किए जाने की पुष्टि की है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें