शाहजहांपुर। दहेज में पांच लाख रुपये व बाइक नहीं लाने पर ससुरालियों ने महिला को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। आरोप है कि चार महीने की गर्भवती विवाहिता की पिटाई की गई। पति ने तीन तलाक देकर उसे घर से निकाल दिया। पीड़िता ने थाने में तहरीर दी है। वहां से टरकाने पर पुलिस कार्यालय में प्रार्थनापत्र दिया गया। एसपी के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
थाना सदर बाजार क्षेत्र के एक मोहल्ले में रहने वाली महिला की शादी नवंबर 2024 में चौक कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी युवक से हुई थी। बरात में हैसियत के अनुसार दहेज दिया था। फिर भी ससुराली दहेज से संतुष्ट नहीं थे। वह दहेज कम लाने का ताना देते थे। शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते थे।
आरोप है कि 27 अप्रैल की सुबह पति ने पांच लाख रुपये और बाइक लाने का दबाव बनाया गया। आर्थिक तंगी का हवाला देने पर पति, ससुर, सास, ननद आदि ने उसकी पिटाई कर दी। पति ने तीन तलाक देकर गालियां दीं और जान से मारने की धमकी देते हुए घर से निकाल दिया। उसके जेवर व कपड़े भी रख लिए।
महिला ने थाने पर प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई। वहां सुनवाई नहीं होने पर एसपी कार्यालय में प्रार्थना पत्र दिया। जन शिकायत प्रकोष्ठ के जरिये जांच की गई। पीड़िता ने खुद को जान का खतरा बताया है।