शाहजहांपुर। जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या थमने का नाम नहीं ले रही है। मंगलवार को छह नए पॉजिटिव मिलने के बाद संक्रमितों का सैकड़ा पार हो गया है। अब तक 104 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए जा चुके हैं। हालांकि इसमें आधे से अधिक ठीक हो चुके हैं। नए संक्रमितों में तिलहर क्षेत्र के मोहल्ला चौटिया की छह और 16 साल की दो सगी बहनें हैं। जबकि तीन रिलायंस पावर परियोजना के कर्मी और लोधीपुर की एक महिला पॉजिटिव मिली है।
स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार को जो छह लोग संक्रमित मिले हैं, उनमें शहर के मोहल्ला बहादुरपुरा निवासी 36 वर्षीय युवक, रोशनगंज बड़ी बिसरात निवासी 40 वर्षीय एक व्यक्ति और लोधीपुर निवासी 28 वर्षीय एक महिला शामिल है। बहादुरपुरा और रोशनगंज के दोनों लोग रिलायंस पावर परियोजना में काम करते हैं।
यहीं के एक संक्रमित कर्मचारी के संपर्क में आने से होना बताया जा रहा है। जबकि लोधीपुर की महिला 20 जून को दिल्ली से आई थी। इसी क्रम में चौथा संक्रमित रिलायंस टाउनशिप का ही निवासी है, 30 साल का युवक भी कंपनी के ही संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आने की आशंका है। तिलहर कस्बा के मोहल्ला चौटिया निवासी छह और 16 साल की दो सगी बहनें भी कोरोना संक्रमित मिली हैं। ये दोनों परिवार के साथ 18 जून को दिल्ली से आई थीं। इन सभी के सैंपल 21 जून को जांच के लिए भेजे गए थे। सभी संक्रमितों को स्वास्थ्य विभाग की एंबुलेंस से कोविड अस्पताल पहुंचा दिया गया है।
मंगलवार को छह कोरोना पॉजिटिव की रिपोर्ट मिली है। सभी को विभागीय टीम के माध्यम से कोविड अस्पताल ददरौल पहुंचा दिया गया है। जिले में अब तक कोरोना संक्रमितों की संख्या 104 हो गई है।
- डॉ. एसपी गौतम, सीएमओ