फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shahjahanpur News: रौली बौरी में श्मशान की भूमि पर बने मकान ध्वस्त कराए

विज्ञापन
जलालाबाद के रौली बौरी गांव में श्मशान की जमीन पर बना आलीशन भवन। संवाद
विज्ञापन
जलालाबाद (शाहजहांपुर)। रौली बौरी गांव में श्मशान की जमीन पर किए गए अवैध कब्जे प्रशासन ने जेसीबी से ध्वस्त कराने शुरू कर दिए। इससे पहले, कब्जेदारों को घरेलू सामान सहित उनके अवैध मकानों से बेदखल कर दिया गया। पहले दिन करीब 25 मकान तोड़े गए। इस दौरान कई लोग अपनी गृहस्थी बर्बाद होते देख रो पड़े।
विज्ञापन

दिन में करीब एक बजे एडीएम प्रशासन रजनीश मिश्रा और एसपी ग्रामीण दीक्षा भांवरे अरुण के गांव पहुंचने के बाद चार जेसीबी से श्मशान की जमीन पर अवैध रूप से बनाए गए मकानों को ध्वस्त करने की कार्रवाई शुरू हुई। इससे पहले, पुलिस बल के गांव पहुंचने पर कब्जेदारों ने मकानों को खाली कर उनके दरवाजे-खिड़की और चौखटें निकालनी शुरू कर दीं।
प्रशासन ने जेसीबी चलाने से पहले महिला पुलिस से हर मकान में तलाशी कराई और पूरी कार्रवाई पर ड्रोन के जरिये भी नजर रखी गई। इस दौरान कई भूमिहीन कब्जेदार परिवारों की महिलाएं घर टूटने पर रोती-बिलखती रहीं। बेदखल की गईं भूमिहीन महिलाओं ने अधिकारियों से रहने के लिए कोई अन्य जगह मुहैया कराने की गुहार लगाई। मौके पर उपस्थित एडीएम प्रशासन रजनीश मिश्रा ने कहा कि अतिक्रमण हटाया गया है।
विज्ञापन



यह था मामला
रौली बौरी में श्मशान की करीब 14 बीघा जमीन पर 42 लोगों ने कब्जा कर वहां मकान बना रखे हैं। इस मामले में भारतीय बजरंग दल की शिकायत पर तहसीलदार कोर्ट में चली सुनवाई के बाद 25 मई को आदेश जारी कर 32 अवैध कब्जेदारों के खिलाफ बेदखली की कार्रवाई करने का आदेश जारी किया गया। भारतीय बजरंग दल ने कब्जे नहीं हटाने पर 17 नवंबर से आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी थी। शिकायतकर्ता भारतीय बजरंग दल के प्रदेश महामंत्री मुनिराज सिंह ने कहा कि पूरी भूमि पर सरकार जल्द से जल्द बाउंड्रीवॉल करके उसे सुरक्षित करे।

श्मशान की जमीन पर बना सरकारी स्कूल, प्रधानमंत्री आवास और शौचालय

श्मशान की जो जमीनें प्रशासन खाली करा रहा है, उन पर एक प्राथमिक स्कूल के अलावा पांच लोगों के प्रधानमंत्री योजना के आवास व एक दर्जन से ज्यादा शौचालय भी बना दिए गए। कार्रवाई के दौरान स्कूल व सरकारी आवासों को फिलहाल छोड़ दिया गया, लेकिन इसे लेकर कई सवाल भी खड़े हो रहे हैं। अधिकारी यह जानने का प्रयास कर रहे हैं कि श्मशान की जमीन पर सरकारी धन से निर्माण कैसे हो गए?

एक बीघा में बना आलीशान मकान भी किया ध्वस्त
इस दौरान एक बीघा क्षेत्रफल में बने आलीशान मकान के ध्वस्त होने की खासी चर्चा रही। अवैध कब्जेदार ने इस मकान को बनाने में लाखों रुपये खर्च किए थे। पूरे मकान में टाइल्स लगाए गए। बाथरूम तक आधुनिक सुविधाओं से लैस किए गए। आसपास के लोगों के अनुसार घर के सभी दरवाजे सेंसर से लैस होने के कारण मकान मालिक के फिंगर प्रिंट से खुलते थे। किसी भी दरवाजे पर ताला नहीं लगता था। कार्रवाई के डर से मकान मालिक ने सभी दरवाजे व खिड़कियां पहले ही निकाल लीं थी।

जरूरतमंदों को उपलब्ध कराई आवासीय सुविधा

जलालाबाद। गांव रौली बौरी मे सोमवार को श्मशान की जमीन से हटाए गए 24-25 परिवारों में से कई ऐसे हैं जो भूमिहीन हैं। इनके पास रहने के लिए दूसरी जगह नही है। प्रशासन ने उनके लिए अस्थायी निवास की व्यवस्था की है। एसडीएम प्रभात राय ने बताया कि भूमिहीन परिवारों को जलालाबाद के बारहपत्थर चौराहे के पास नगर पालिका के आसरा आवास काॅलोनी में अस्थायी रूप से निवास करने के लिए कहा गया है। साथ ही जिनके पास पालतू जानवर हैं, उनको रखने के लिए गांव में ही गाटा संख्या 347 में बांधने की व्यवस्था कराई गई है। इस संबंध में जरूरतमंदों को सूचित कर दिया गया है। संवाद

अवैध मकान ध्वस्त किए जाने के दौरान वहां सरकारी स्कूल और प्रधानमंत्री योजना के कई आवास भी बने पाए गए हैं। इस मामले की अलग से जांच कराई जाएगी कि श्मशान की भूमि पर किसकी सहमति से स्कूल भवन और प्रधानमंत्री योजना के आवास बनाए गए हैं। मामले की जांच होने तक स्कूल भवन और सरकारी आवास ध्वस्त करने से रोक दिए गए हैं।
-प्रभात राय, एसडीएम, जलालाबाद

जलालाबाद के रौली बौरी गांव में श्मशान की जमीन पर बना आलीशन भवन। संवाद

जलालाबाद के रौली बौरी गांव में श्मशान की जमीन पर बना आलीशन भवन। संवाद

जलालाबाद के रौली बौरी गांव में श्मशान की जमीन पर बना आलीशन भवन। संवाद

जलालाबाद के रौली बौरी गांव में श्मशान की जमीन पर बना आलीशन भवन। संवाद

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें