तिलहर में हादसे के बाद पड़े बाइक के पुर्जे। स्रोत: रेलवे
तिलहर। स्टेशन के पास निर्माणाधीन रेलवे फाटक को पार करते समय बाइक मालगाड़ी की चपेट में आ गई। हादसे के बाद 250 मीटर तक बाइक के पुर्जे बिखर गए। चालक बाल-बाल बच गया। बिलपुर चौकी प्रभारी ने मौके पर जाकर निरीक्षण किया। मामले में अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
निर्माण कार्य के चलते रेलवे फाटक को छह महीने के लिए बंद कर दिया गया है। फाटक से निकलने पर लोगों की पाबंदी है। फाटक के पास खोदाई का कार्य चल रहा है। रविवार की रात करीब आठ बजे बाइक सवार रेलवे ट्रैक को पार कर रहा था। तभी उसकी बाइक वहीं पर गड्ढे में फंस गई। तभी डाउनलाइन पर मालगाड़ी आ गई।
इंजन से बाइक टकराने से करीब 250 मीटर तक रेलवे पटरी पर पुर्जे बिखर गए। हादसे के बाद चालक मौके से भाग गया। सूचना मिलते ही जीआरपी मौके पर पहुंची और बाइक के बिखरे हुए हिस्सों को इकट्ठा कर कब्जे में लिया। बिलपुर चौकी प्रभारी नरवीर सिंह भी मौके पर पहुंचे और जांच की। उन्होंने बाइक सवार की तलाश को शुरू किया, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा है। चौकी प्रभारी नरवीर सिंह ने बताया कि मामले में अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।