बिना सहमति 2705 लोगों का लोड बढ़ाए जाने के बाद अब अन्य उपभोक्ताओं पर भी बोझ डालने की तैयारी
शाहजहांपुर। बिना सहमति के 2705 लोगों के लोड बढ़ाए जाने के बाद अब बिजली निगम अधिक खपत वाले दुकान और मकानों को चिह्नित करेगा। उनका तय लोड से अधिक खपत पाए जाने पर नोटिस देकर लोड बढ़ाया जाएगा। मंगलवार को निगम के चेयरमैन ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये निर्देश दिए हैं। नियम के तहत उपभोक्ताओं को अधिशासी अभियंता के जरिये नोटिस भेजकर लोड बढ़ाने की तैयारी है।
गत दिनों बिजली निगम ने उपभोक्ताओं के मोबाइल फोन पर मेसेज भेजकर लोड बढ़ा दिया था। इसमें ऐसे उपभोक्ता भी शामिल थे, जिनके मकान बंद थे अथवा उनके मकान में सोलर पैनल लगा है। लोड बढ़ाए जाने के बाद उपभोक्ताओं ने अफसरों के कार्यालय में प्रार्थना पत्र दिया। वहां चार महीने का लोड चेक करने के बाद समस्या के समाधान से हाथ खड़े कर दिए गए। स्पष्ट कहा कि यह उच्च स्तर का मामला है। उनके हाथ में कुछ नहीं है।
इसी क्रम में मंगलवार को हुई वीडियो कांफ्रेंसिंग में निगम के चेयरमैन ने मैनुअल तरीके से लोड बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। ऐसे में उपभोक्ताओं के घरों के लोड को सिस्टम पर चेक किया जाएगा। जिसका तय लोड से अधिक होगा, उसे अधिशासी अभियंता की तरफ से नोटिस जारी कर लोड बढ़ाया जाएगा। इसके लिए निगम के कर्मचारी घर-घर जाकर कार्रवाई भी करेंगे। अधिकारियों का कहना है कि यह व्यवस्था विद्युत नियामक आयोग के निर्देशों के अनुरूप लागू की जा रही है, ताकि उपभोक्ताओं को बिना जानकारी लोड बढ़ने जैसी समस्या का सामना न करना पड़े। इसके अलावा वीडियो कांफ्रेंसिंग में बिलिंग की शत-प्रतिशत वसूली के निर्देश भी दिए हैं। संवाद
-
जिनके मकानाें या दुकानों पर अधिक लोड चल रहा है। ऐसे उपभोक्ताओं को चिह्नित कर अधिशासी अभियंता के जरिये नोटिस देकर लोड बढ़ाया जाएगा। इसे लेकर तैयारी शुरू हो गई है।
-अनुज प्रताप सिंह, अधीक्षण अभियंता