शाहजहांपुर में तेज धूप व गर्मी से बेहाल बैठी । संवाद
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। सोमवार को सूर्योदय से पहले कुछ देर तक माहौल में ठंडक बनी रही, लेकिन धूप निकलने के बाद से गर्म पछुआ हवा लू के थपेड़ों में बदलकर आग बरसाने लगी। दोपहर तक अधिकतम तापमान भी 2 डिग्री बढ़कर 42 डिग्री सेल्सियस के उच्च्तम बिंदु पर पहुंच गया। इस कारण गर्मी के सीजन में रविवार का दिन सबसे गर्म रहा।
रविवार शाम से आसमान पर धुंध छाने से रात में उमस काफी बढ़ गई थी। बिजली कटौती ने लोगों को पसीना-पसीना कर दिया। न्यूनतम तापमान लगातार सातवें दिन 0.8 डिग्री बढ़कर 25.6 डिग्री सेल्सियस हो गया। दिन निकलने पर तेज धूप हुई तो पछुआ हवा लू में बदल गई।
गन्ना शोध परिषद के मौसम विश्लेषक सुरेंद्र सिंह ने बताया कि रात में बादल छाने से वातावरण में नमी बढ़ने से सुबह तक आर्द्रता भी 50 प्रतिशत बढ़कर 80 फीसदी हो गई, लेकिन दिन में चली शुष्क गर्म हवा ने नमी सोखी तो शाम तक आर्द्रता घटकर 31 प्रतिशत हो गई। उनका कहना है कि जब तक वायुदाब सामान्य से अधिक नहीं होगा, गर्मी प्रचंड रूप दिखाती रहेगी।