पुवायां में निजी अस्पताल का निरीक्षण करते एसडीएम
- फोटो : POWAYAN
पुवायां। एसडीएम सुशांत श्रीवास्तव ने बृहस्पतिवार को सीएचसी अधीक्षक डॉ. मोहम्मद आसिफ के साथ मोहम्मदी रोड पर एक निजी अस्पताल का मुआयना किया। इस दौरान वहां तमाम अनियमितताएं मिली हैं। संचालक अस्पताल रजिस्ट्रेशन नहीं दिखा सके।
एसडीएम और सीएचसी अधीक्षक दोपहर में अस्पताल पहुंचे। यहां अस्पताल संचालक से रजिस्ट्रेशन की प्रति मांगी गई, लेकिन मौके पर मौजूद लोग रजिस्ट्रेशन की प्रति नहीं दिखा सके। फायर सिस्टम से संबंधित व्यवस्थाएं भी नहीं मिलीं। अस्पताल में मिले तमाम अभिलेख और दवा लिखे पर्चे कब्जे में लिए गए। इस मौके पर पहुंचे एक युवक ने एसडीएम को बताया कि कुछ दिन पूर्व उसने अपनी पत्नी को अस्पताल में भर्ती कराया था। उससे दो घंटे में नौ हजार रुपये वसूल लिए गए और कोई लाभ भी नहीं हुआ। वह इस मामले में कई शिकायतें कर चुका है।
अधिकारियों के निर्देश हैं कि निजी और सरकारी अस्पतालों में फायर सिस्टम की जांच की जाए। इसके तहत जांच की गई है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। -सुशांत श्रीवास्तव, एसडीएम पुवायां