कांट के नगलाजाजू में झोंपड़ी के बाहर अपने परिवार के साथ खड़े पातीराम। संवाद
कुर्रियाकलां। ग्राम पंचायत नगला जाजू के गांव जाटव गौंटिया उर्फ टिलियापुर में कई बेघर ग्रामीणों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ अब तक नहीं मिल सका है। इस कारण वे परिवार सहित खुले आसमान में रहने के लिए मजबूर हैं।
बारिश से कच्चे घरों की छतें गिर जाने से गांव के पातीराम, महाराम आदि कई ग्रामीण परिवार सहित झोंपड़ियां, तिरपाल व पन्नियां तानकर गुजर-बसर कर रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार उन्होंने आवास स्वीकृत कराने के लिए कई बार प्रार्थना पत्र दिए। इसके बावजूद उनके आवास स्वीकृत नहीं हुए।
ग्राम प्रधान सुनीता देवी ने बताया कि गांव के आठ परिवारों को आवास योजना का लाभ दिया जा चुका है। जो लोग इस योजना से वंचित रह गए, उनकी सूची बनाकर केंद्र सरकार की वेबसाइट पर अपलोड करा दी गई है। स्वीकृति मिलते ही आवासों का निर्माण कराया जाएगा। संवाद