शाहजहांपुर। विद्युत निगम (पारेषण खंड) के चिनौर स्थित उपकेंद्र से तिलहर जाने वाली 132 केवी लाइन को शिफ्ट करने का काम कराए जाने के कारण इस लाइन से जुड़े तिलहर, कटरा, खुदागंज और जैतीपुर क्षेत्र के फीडरों की बिजली आपूर्ति शुक्रवार को घंटों ठप रही। इसी तरह शहर के कई फीडरों की 33 व 11 केवी लाइनें सुरक्षित स्थानों पर व्यवस्थित कराने के कारण लोधीपुर, सिटी पार्क, एनटीआई, हथौड़ा और रौजा क्षेत्र के कई इलाकों की दिन में 11 बजे से बत्ती गुल हो गई। हालांकि, शहर में यह कार्य कराने के दौरान प्रभावित क्षेत्र के लोगों को नजदीकी फीडरों की दूसरी लाइनों से बिजली दी गई, लेकिन ग्रामीण क्षेत्र में सुबह से दोपहर तक बत्ती गुल रही।
विद्युत वितरण खंड द्वितीय (शहरी क्षेत्र) के अधिशासी अभियंता प्रशांत गुप्ता के निर्देश पर लखनऊ-दिल्ली हाईवे को क्रॉस करने वाली लाइनें हटाने के लिए 33 केवी पैना-रोजा फीडर, 33 केवी हथौड़ा-सिटी पार्क फीडर और 11 केवी एनटीआई फीडर की लाइनों को शुक्रवार दिन में 11 बजे से अपराह्न तीन बजे तक बंद रखा गया। इस दौरान हथौड़ा उपकेंद्र के प्रभारी अवर अभियंता कृष्ण कुमार पटेल ने इन लाइनों को ऐसे स्थानों पर शिफ्ट कराया, जो कि जन सामान्य की आवाजाही कम होने से सुरक्षित माने गए। जेई, पटेल के अनुसार शटडाउन की अवधि पूरी होने से पहले ही हाईटेंशन लाइनों को शिफ्ट करने का काम पूरा कर लिया गया।
उन्होंने बताया कि रोजा में नगर क्षेत्र और ग्रामीण फीडरों पर लाइन सुधार का काम कराए जाने के दौरान संबंधित क्षेत्रों को वैकल्पिक लाइनों के जरिए बिजली आपूर्ति जारी रखी गई। केवल हथौड़ा क्षेत्र में काम थोड़ा ज्यादा रहा और इस वजह से एनटीआई, सिटी पार्क आदि फीडर करीब एक घंटे बंद रहे, लेकिन बाद में बिजली आपूर्ति सामान्य हो गई।
उधर, जिला मुख्यालय के चिनौर स्थित पारेषण खंड के बिजली उपकेंद्र से तिलहर जाने वाली 132 केवी मुख्य लाइन का रूट बदले जाने का काम कराए जाने से तिलहर नगर और ग्रामीण समेत वहां के खुदागंज, जैतीपुर, मदनापुर, रुहेलखंड, बंथरा, वृंदावन, एएत्नमपी सोलर और कटरा फीडर सुबह आठ बजे से तीन घंटे तक बंद रहे। इस कारण क्षेत्र के करीब 24000 उपभोक्ता प्रभावित हुए। तिलहर उपकेंद्र के प्रभारी अवर अभियंता नरेंद्र कुमार के अनुसार दोपहर 12 बजे से पहले काम पूरा होते ही सभी फीडर चालू कर दिए गए।