पुवायां। गांव कुंवरपुर के पास कुछ लोग छुट्टा पशुओं पर तेजाब डालकर घायल कर रहे हैं। कुछ दिनों में चार से पांच पशु घायल हालते में मिलने पर अधिकारियों से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की गई है।
शाहजहांपुर रोड पर तुलाराम बाबा स्थान के पास पुलिस चौकी है। चौकी से कुछ दूर गांव कुंवरपुर के पास छुट्टा पशु घूमते रहते हैं। झुलसे पशुओं के गहरे घाव होने से अंदाजा लगाया जा रहा है कि कोई व्यक्ति पशुओं पर तेजाब डाल देता है।
विहिप गोरक्षा विभाग के प्रांत मंत्री विपिन मिश्रा ने मामले की शिकायत पुलिस से की थी, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया गया। इस पर विपिन मिश्रा ने सोमवार को मामले की शिकायत एसपी ग्रामीण और एडीएम से करते हुए जांच कराने और पशुओं को घायल करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
उन्होंने बताया कि पशुओं को घायल किए जाने से लोगों में रोष है। थाना प्रभारी रवि करन सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पशुओं पर तेजाब नहीं गरम पानी डाला गया है।
छुट्टा पशुओं के ऊपर तेजाब डाले जाने की शिकायत मिली थी। जांच कराई जा रही है। अगर कोई व्यक्ति तहरीर देता है तो रिपोर्ट भी दर्ज कराकर कार्रवाई कराई जाएगी।
-प्रवीण मलिक, सीओ पुवायां