फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भुगतान न मिलने पर निवेशकों ने हाईवे पर लगाया जाम

विज्ञापन
जलालाबाद में हाईवे पर जाम लगाए बैठे निवेशक तथा कार्यालय में धरने पर बैठे निवेशक। संवाद - फोटो : SHAHJAHANPUR
विज्ञापन
शाहजहांपुर। जलालाबाद में भुगतान न किये जाने से नाराज खाताधारकों ने मंगलवार को निवेश कंपनी के कार्यालय में धरना प्रदर्शन के बाद कटरा फर्रुखाबाद हाईवे पर जाम लगा दिया। खाताधारकों के तेवर देख कार्यालय में मौजूद कर्मचारी भाग निकले। करीब आधा घंटे जाम से हाईवे के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गईं। जलालाबाद थाना प्रभारी ने पीड़ितों से बात की और उनकी मांगें पूरा कराने का आश्वासन देकर जाम खुलवाया।
विज्ञापन

जलालाबाद के फर्रुखाबाद हाईवे पर स्थित एक निवेश कंपनी में तमाम लोगों के खाते संचालित हैं। आरोप है कि लंबे समय से अवधि पूरे हो जाने के बाद भी कंपनी निवेशकों को भुगतान के नाम पर गुमराह कर रही है। काफी समय से परेशान निवेशकों की शिकायत पर बीते महीने तत्कालीन एसडीएम सौरभ भट्ट से कंपनी के स्थानीय तथा रीजनल मैनेजर को बुलवाकर उनके साथ वार्ता करवाई गई थी। उन दोनों को पांच-पांच लाख रुपये के निजी मुचलके पर पाबंद कर दिया था।
कंपनी के अधिकारियों ने 15 अक्तूबर तक भुगतान करने का आश्वासन दिया था। तय सीमा निकलने के बाद भी भुगतान की दिशा में कंपनी द्वारा कोई कदम न उठाने से नाराज हुए कई निवेशक कंपनी के कार्यालय में धरने पर बैठ गए। कंपनी के कर्मचारी इनसे वार्ता करने के बजाय ऑफिस छोड़कर चले गए। कुछ देर इंतजार के बाद यह निवेशक फर्रुखाबाद बरेली हाईवे पर दरी बिछाकर बैठ गए और कंपनी के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।
विज्ञापन

निवेशकों की मांग थी कि उन लोगों का भुगतान शीघ्र कराया जाए और झूठा आश्वासन देने वाले मुचलके में पाबंद दोनों अधिकारियों की गिरफ्तारी हो। करीब आधा घंटे जाम रहने से हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। सूचना पाकर थाना प्रभारी कमल सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाबुझाकर जाम खुलवाया। इसके बाद वह लोग पुन: कंपनी कार्यालय आकर धरने पर बैठ गए।
थाना प्रभारी कमल सिंह ने बताया कि रोड जाम करने वाले भुगतान दिलाने की मांग कर रहे थे। अधिकारियों को अवगत करवा दिया है। उन्हीं के आदेश पर अगली कार्रवाई की जाएगी। इसी कंपनी में भुगतान न होने से क्षुब्ध नगर के मोहल्ला नौसारा निवासी पंकज गुप्ता ने दो सितंबर को कंपनी के कार्यालय में खुद को आग लगाने की कोशिश की थी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें