शाहजहांपुर। बारिश होने और बाढ़ आने के बाद मलेरिया के रोगियों की संख्या में इजाफा होने लगा है। राजकीय मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में प्रत्येक दिन एक से दो मलेरिया पॉजिटिव केस सामने आ रहे हैं, लेकिन स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों में मात्र 334 रोगी ही दर्ज हैं। पुराने जिला अस्पताल स्थित सीएमओ कार्यालय परिसर और सरकारी कार्यालयों का भी बुरा हाल है, मच्छर पनप रहे हैं। कहीं नालियां और कूड़ेदान भरे हैं तो कुछ जगह पर सफाई तक नहीं की गई है।
स्वास्थ्य विभाग अपने कार्यालय परिसर में ही मच्छरों से निपटने के पर्याप्त इंतजाम नहीं कर पा रहा है। बृहस्पतिवार को पड़ताल के दौरान पुराने जिला अस्पताल में स्थित नेत्र परीक्षण अधिकारी के कमरे के पास दो कूड़ेदान रखे थे। दोनों ही कूड़े से भरे थे। कुछ कदम चलने पर नालियां पानी से भरी मिलीं।
ऐसा प्रतीत हो रहा था कि लंबे समय से सफाई नहीं हुई है। यहां से जिला मलेरिया अधिकारी व सीएमओ कार्यालय चंद कदम दूरी पर हैं। परिसर में जली कोठी के पीछे आवासीय क्वार्टरों की तरफ सफाई व्यवस्था बेहतर नहीं थी। यहां पर झाड़ियां उगी हुईं थीं। इनकी कटाई लंबे समय से नहीं हुई थी। इसके चलते कर्मचारी मच्छरों से परेशान थे।
कूड़े को उठाना भूले
राजकीय मेडिकल कॉलेज में सफाई व्यवस्था बेहतर नहीं दिखी। बृहस्पतिवार को डीएम के दौरे को देखते हुए सफाई व्यवस्था दुरुस्त करा दी गई, लेकिन सौ बेड अस्पताल की ओर जाने वाले मार्ग पर कूड़े के ढेर नहीं हटाए गए। परिसर में झाड़ियां उगी होने के चलते मच्छरों की भरमार थी। लोगों ने खिड़की में जाली लगवा रखी थी। इसके अतिरिक्त ट्रॉमा सेंटर के पीछे भी गंदगी थी।
बीएसए कार्यालय भी बदहाल
बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय बाहर से जितना साफ-सुथरा दिखता है, उतनी ही स्थिति अंदर से खराब थी। परिसर में शौचालय के नजदीक खाली जमीन पर कबाड़ भरा पड़ा था। यहां पर घास उग आई थी। इसकी सफाई काफी समय से नहीं हुई थी। यहां पनपे मच्छर कार्यालय के कर्मियाें को परेशान कर रहे थे। यहां कर्मियों ने बताया कि फॉगिंग भी काफी समय से नहीं हुई है।
एक्सईएन दफ्तर में भी गंदगी का अंबार
बहादुरगंज स्थित विद्युत निगम के अधिशासी अभियंता नगर के कार्यालय में गंदगी का अंबार था। यहां पर प्रतिदिन पांच सौ से ज्यादा लोग बिल जमा करने के साथ अन्य कार्यों से आते हैं। एक्सईएन कार्यालय के सामने ही नाली में जलभराव था। आसपास की नालियां भी भरीं थी। कार्यालय के मुख्य गेट पर कूड़ा पड़ा था। यहां पर मच्छरों की भरमार के कारण कार्यालयों में कर्मचारी क्वाइल जलाकर बैठे थे।
शहरी क्षेत्र में नगर निगम को फॉगिंग और सफाई करानी चाहिए। गांवों में प्रधानों को एंटी लार्वा देते हुए छिड़काव के निर्देश दिए गए हैं।
-डॉ.पीपी श्रीवास्तव, एसीएमओ
शाहजहांपुर में राजकीय मेडिकल कॉलेज में लगा कूड़े का ढेर। संवाद
शाहजहांपुर में राजकीय मेडिकल कॉलेज में लगा कूड़े का ढेर। संवाद
शाहजहांपुर में राजकीय मेडिकल कॉलेज में लगा कूड़े का ढेर। संवाद
शाहजहांपुर में राजकीय मेडिकल कॉलेज में लगा कूड़े का ढेर। संवाद
शाहजहांपुर में राजकीय मेडिकल कॉलेज में लगा कूड़े का ढेर। संवाद