घंटों तक जाम में फंस रहे वाहन
खुटार के अधिवक्ता सुधीर त्रिवेदी ने कहा कि वह सोमवार को महाकुंभ से वापस लौटे। सबसे ज्यादा समस्या ट्रैफिक की है। भारी भीड़ के चलते वाहन जाम में फंस रहे हैं और लोगों को परेशान होना पड़ता है। हालत यह है कि जाम में वाहन कई घंटे तक फंस जाते हैं। रोड वन-वे कर दिए जाएं तो सहूलियत होगी, लेकिन ऐसा नहीं किया गया है। मेले में पहुंचने के बाद कोई दिक्कत नहीं है।
खुटार के गांव कुइयां निवासी विपिन सिंह ने कहा कि महाकुंभ में लाखों लोग रोजाना पहुंच रहे हैं। इस कारण समस्या हो रही है। दूसरा लोग वाहन को ठीक से न चलाकर दूसरी लेन में चले जाते हैं और खुद फंसने के साथ जाम का बड़ा कारण बनते हैं। मेरा वाहन भी जाम में फंस गया था, लेकिन ज्यादा देर इंतजार नहीं करना पड़ा। महाकुंभ में अन्य कोई दिक्कत नहीं है।
वीआईपी कल्चर पर रोक से मिली थोड़ी राहत
परिवार सहित महाकुंभ गए मोहल्ला सरायकाइयां निवासी वीरेश राठौर ने बताया कि प्रयागराज के त्रिवेणी घाट पर भीड़ अत्यधिक है। मेले में वीआईपी कल्चर खत्म कर विशिष्ट जनों के लिए आरक्षित रास्ते सभी रास्ते आम श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। महाकुंभ में भीड़ बहुत है, लेकिन सभी रास्तों पर आवाजाही की इजाजत से काफी राहत मिली।
रेती निवासी नितिन शर्मा ने बताया कि प्रयागराज से 60 किमी टोल प्लाजा पर ही लगभग पांच किमी लंबा जाम होने से छह घंटे खड़े रहना पड़ा। पुलिसकर्मी भारी भीड़ के कारण शाम से त्रिवेणी घाट पर जाने से रोक रहे हैं। वापस आते समय काशी से अयोध्या जाने पर आंबेडकर नगर में जाम में वाहन फंस गया।