राजकीय मेडिकल कॉलेज के ट्रामा सेंटर में फाइल बनवाते तीमारदार। संवाद
शाहजहांपुर। लगातार मौसम में हो रहे बदलाव के कारण बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ गई है। सरकारी और निजी अस्पतालों की ओपीडी में रोजाना मरीजों की भीड़ उमड़ रही है। बच्चों और बुजुर्गों के अलावा सांस के रोगियों को भी दिक्कत हो रही है।
शुक्रवार को राजकीय मेडिकल कॉलेज में 859 लोगों की ओपीडी हुई। इनमें 813 पुरुष व 46 महिलाएं शामिल हैं। बृहस्पतिवार को 1285 लोगों की ओपीडी हुई। इनमें 1063 पुरुष व 222 महिलाएं शामिल हैं।
बुधवार को 1247 लोगों की ओपीडी हुई थी। इनमें 1052 पुरुष व 195 महिलाएं आईं थीं। ट्रॉमा सेंटर में भी मरीजों की भीड़ उमड़ रही है, लेकिन पिछले दिनों की अपेक्षा भर्ती होने वालों की संख्या कम हुई है। डॉक्टर अनुराग पाराशर ने बताया कि सुबह-शाम की ठंड से लोगों की सेहत बिगड़ रही है।
खांसी, जुकाम, नाक बंद होना, नाक बहने के साथ-साथ बुखार की शिकायत हो रही है। ऐसे में सावधानी बरतने की जरूरत है। उन्होंने बताया कि संक्रमण से बचाव के लिए गर्म कपड़े पहनें। ठंडा खाना-पीना बंद कर दें। संक्रमण से बचाव के लिए मास्क का उपयोग करें। यदि कोई लक्षण दिखें, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।