शाहजहांपुर। राजकीय मेडिकल कॉलेज में अब एमबीबीएस और पीजी कोर्स के साथ-साथ आठ नए डिप्लोमा कोर्स संचालित किए जाने की अनुमति शासन से प्राप्त हो गई है। प्रत्येक कोर्स के लिए 30-30 सीटें आवंटित हुई हैं। नवीन सत्र से इनमें प्रवेश किए जाएंगे। डिप्लोमा कोर्स की मान्यता मिलने से शाहजहांपुर एवं आसपास के जिले के छात्रों को लाभ मिलेगा।
राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि करीब पांच माह पूर्व राजकीय मेडिकल कॉलेज में डिप्लोमा कोर्स संचालित किए जाने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया था। स्टेट मेडिकल फैकल्टी की टीम ने दो बार इस संबंध में निरीक्षण किया। बृहस्पतिवार को डिप्लोमा इन एनस्थीजिया एंड क्रिटिकल केयर टेक्निशियन, डिप्लोमा इन इमरजेंसी एंड ट्रामा टेक्नीशियन, डिप्लोमा इन ओटी टेक्निशियन, डिप्लोमा इन डायलिसिस टेक्निशियन, डिप्लोमा इन ऑर्थोपेडिक्स एंड प्लास्टर टेक्निशियन, डिप्लोमा इन ऑप्टोमेट्री टेक्निशियन, डिप्लोमा इन लैबोरेट्री टेक्निशियन, डिप्लोमा इन एक्स-रे टेक्नीशियन के कोर्स संचालित किए जाने के लिए अनुमति प्राप्त हो गई है। प्रत्येक कोर्स के लिए 30 सीटें आवंटित हुईं हैं। इनमें नवीन सत्र से प्रवेश किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि अजीजपुर जिगनेरा स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज की बिल्डिंग में इस संबंध में समस्त तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। कक्ष पहले से बने हुए हैं। वर्ष 2019 में स्थापित हुए राजकीय मेडिकल कॉलेज में पहले एमबीबीएस की 100 सीटों पर प्रवेश किए गए। इसके बाद पांच पीजी कोर्स की अनुमति प्राप्त हुई। अब आठ डिप्लोमा कोर्स संचालित किए जाने की अनुमति प्राप्त होने से शाहजहांपुर समेत आसपास के जिले के छात्रों को लाभ मिलेगा।
राजकीय मेडिकल कॉलेज की ओर से पांच माह पूर्व डिप्लोमा कोर्स संचालित किए जाने के लिए प्रस्ताव भेजा गया था। स्टेट मेडिकल फैकल्टी की टीम ने दो बार यहां निरीक्षण किया। अब आठ नवीन डिप्लोमा कोर्स संचालित किए जाने की अनुमति प्राप्त हो गई है। नवीन सत्र से इनमें प्रवेश किए जाएंगे।
डॉ. राजेश कुमार, प्राचार्य, राजकीय मेडिकल कॉलेज शाहजहांपुर।