निगोही पुलिस की गिरफ्त में हत्या का आरोपी सहामत अली। स्रोत: पुलिस
शाहजहांपुर। निगोही के गांव उदारा निवासी कृष्णपाल सिंह (45) की शराब के नशे में चारपाई का पाया मारकर हत्या करने के आरोपी दोस्त सहामत अली को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। शराब के रुपये मांगने को लेकर गाली-गलौज होने के बाद मारपीट हो गई थी। नशे में आरोपियों ने सिर पर पाये से वारकर मौत के घाट उतारा था।
सोमवार की रात उदारा गांव में शराब पीने को लेकर कृष्णपाल को सहामत अली और उसके रिश्तेदार अख्तर ने पीट दिया था। सीएचसी से राजकीय मेडिकल कॉलेज लेकर जाने के दौरान उसकी मौत हो गई थी।
मामले में मृतक के भाई बलराम की ओर से हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज कराया था। इंस्पेक्टर अरविंद सिंह चौहान ने आरोपियों की तलाश शुरू की। बुधवार को आरोपी सहामत अली उर्फ आलम निवासी गांव दुर्जनपुर गौटिया को पलिया से दुर्जनपुर जाने वाले मार्ग पर गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर चारपाई का पाया भी बरामद कर लिया।
पूछताछ में आरोपी सहामत ने बताया कि वह और अख्तर रिश्ते में चाचा-भतीजे हैं। 11 नवंबर की दोपहर को निगोही आने पर उसे अख्तर भी मिल गया। शाम को दोनों ने शराब खरीदी और दुर्जनपुर गौटिया और उदारा के बीच पीपल के पेड़ के पास पहुंचे। वहीं, शराब पीते समय कृष्णपाल भी आ गया।
तीनों ने शराब पी, लेकिन नशा नहीं हुआ। पुलिस के अनुसार, तब कृष्णपाल अपने मकान से शराब ले आया। तीनों को काफी नशा हो गया। उसके बाद वह कृष्णपाल के घर पर गए। वहां उसकी सास खाना बना रही थीं और दोनों बच्चे लेटे थे। कमरे के अंदर कृष्णपाल ने दारू के रुपये मांगने शुरू कर दिए। इसे लेकर दोनों पक्षों में गाली-गलौज होने लगी। सहामत ने पुलिस को बताया कि पहले कृष्णपाल ने डंडा उठाकर उसके हाथ पर मार दिया। तब वहीं पर पड़े चारपाई के पाया को उठाकर उसने वार कर दिया। चोट लगने पर वह बाहर की ओर भागा तो दौड़ाकर और वार कर दिए। सिर में गंभीर चोट लगने पर कृष्णपाल वहीं पर गिर गया।
आरोपी बोला-शराब के नशे में हुई घटना
-पुलिस की गिरफ्त में आरोपी सहामत अली ने घटना के बारे में विस्तार से बताया। उसने पुलिस को बताया कि शराब के नशे में क्या हुआ, उसे पता ही नहीं चला। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया और जेल भेज दिया है।