कुर्रियाकलां। ग्राम पंचायत नगला जाजू और उससे संबद्ध मजरों में राष्ट्रीय ग्रामीण स्वच्छ पेयजल मिशन के तहत हर घर जल योजना का काम पूरा हो गया है, लेकिन गांव में खोदी गई सड़कों की मरम्मत नहीं कराए जाने से ग्रामीण परेशान हैं।
ग्राम पंचायत में दो साल पूर्व पेयजल मिशन के कार्य शुरू हुए थे। इसके तहत ग्राम पंचायत मुख्यालय सहित उसके मजरा पथरा, मिठहा और टिलिया में जलापूर्ति के लिए ठेकेदार ने सड़कें खोदवाकर पाइप लाइन बिछाने का कार्य कराया। करीब एक साल पूर्व लगभग सभी घरों में टोटियां लगाकर पानी की आपूर्ति भी शुरू करा दी गई, लेकिन चारों गांवों की खोदे गए आरसीसी व इंटरलॉकिंग से निर्मित मार्गों को मिट्टी डालकर ही छोड़ दिया गया।
गत मानसून सीजन में बारिश से मिट्टी धंस गई। इसस सड़कोंं पर कई जगह गहरे गड्ढे हो गए। सड़क के खोदे गए जिन हिस्सों में गड्ढे हुए हैं, उनमें घरों की नालियों का पानी भरने से रास्ते में कीचड़ भर रहा है।
इस कारण गड्ढों में बाइक या साइकिल का पहिया जाने से ग्रामीण गिरकर चोटिल हो रहे हैं। स्कूली बच्चों को भी कीचड़ से निकलने में काफी परेशानी हो रही है। ठेकेदार से नाराज ग्रामीणों ने प्रशासन से ग्राम पंचायत की सभी खस्ताहाल सड़कों की मरम्मत जल्द कराए जाने की मांग की है।
जल निगम के अधिशाषी अभियंता ग्रामीण सनी सिंह ने बताया कि अगस्त से बजट नहीं मिलने से कार्यदायी संस्थाओं ने काम रोक दिया है। उनका कहना है कि अभी कार्य पूर्ण नहीं हुआ और यदि कहीं गड्ढे से ज्यादा समस्या हो रही तो नगला जाजू टीम भेजकर मार्ग को जल्द ठीक कराया जाएगा।