शाहजहांपुर। शहर से सटे गांव हथौड़ा बुजुर्ग में पिछले कई दिनों से सफाई ना होने के कारण नालियां चोक हो गईं हैं। नालियों का पानी मुख्य मार्ग पर भर गया है। नालियों का गंदा पानी मुख्य मार्ग पर भरने से लोगों को आने-जाने में दिक्कत हो रही है। लेकिन, इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
हथौड़ा बुजुर्ग गांव में धार्मिक स्थल व होलिका दहन स्थल की ओर जाने वाले रोड पर कई दिनों से नाली की सफाई नहीं हुई। इससे नालियां चोक हो गईं हैं और गंदा पानी सड़क पर भर गया है। गंदा पानी अब लोगों के घरों में भी जाने लगा। इससे गांव वालों को परेशानी हो रही है। 18 मार्च को होली का पर्व है। गांव के इस मार्ग से ही लोग होलिका में आखत डालने के लिए जाते हैं। समस्या को लेकर ग्राम प्रधान के पास भी गए, लेकिन इसका कोई हल नहीं निकला।
सफाई न होने के कारण पानी भरा रहने से मच्छर पनपते हैं। इससे बीमारी का खतरा है। आने-जाने वाले लोगों को गंदे पानी से होकर निकलकर जाना पड़ रहा है। ग्राम प्रधान या प्रशासन नालियों की सफाई कराए। - मोहम्मद वली उल्ला मंसूरी
होली के समय में गंदगी होने से हर आने-जाने वाले को दिक्कत होगी। बच्चे सड़क पर निकलते हैं और फिसलने से गंदे हो जाते हैं। छोटे-छोटे बच्चे स्कूल जाते हैं तब उनको गंदे पानी से होकर निकलकर जाना पड़ता है। - नरेश कुमार
नाली में पॉलिथीन फंसने से पानी का निकास नहीं हो पाता है। सड़क पर गंदा पानी बहता है। जिससे इस रास्ते पर निकलने वाले लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है। धार्मिकस्थल जाने के लिए यही सड़क है। - विवेक कुमार मिश्रा
घरों से छोटे-बच्चे दुकानों पर सामान लेने जाते हैं अथवा स्कूल जाते हैं, तो गंदे पानी से निकलने पर कपड़े खराब होते हैं। ग्राम प्रधान को सफाई के लिए सफाईकर्मी को निर्देशित करना चाहिए। समस्या सभी को है, कोई तो ध्यान दे।- प्रतिमा
समय-समय पर सफाई की जाती है, लेकिन घरों के लोग कूड़ा और पॉलिथीन नाली में फेंक देते हैं। जिससे पानी नहीं निकल पाता है और सड़क पर भर जाता है। होली से पहले सफाई कराई जाएगी। - विरासत खान, ग्राम प्रधान हथौड़ा बुजुर्ग