शाहजहांपुर। श्री श्याम फाल्गुन महोत्सव के तहत सोमवार को सतरंगी निशान शोभायात्रा निकाली गई। विभिन्न मार्गों से होकर प्रताप एन्क्लेव स्थित श्याम मंदिर पहुंचने पर शोभयात्रा का समापन हुआ। इस बीच श्याम भक्तों ने रंग, गुलाल व इत्र से होली खेली। श्याम बाबा के भजनों पर भक्त थिरक उठे।
श्री श्याम मित्र मंडल, श्री श्याम सेवा समिति व श्री श्याम सखी परिवार ने संयुक्त रूप से श्री श्याम फाल्गुन महोत्सव मनाया। सोमवार को सुबह सभी संस्थाओं से जुड़े सदस्य और श्याम बाबा के भक्त बाबा बनखंडी मंदिर पर एकत्रित हुए। जहां से सतरंगी निशान शोभायात्रा निकली। आगे-आगे श्याम भक्त अपने हाथों में झंडी लेकर चल रहे थे। बीच में रथ पर सवार श्याम बाबा की प्रतिमा रही। उसके पीछे भी तमाम श्याम भक्तों का रेला चल रहा था। इनमें महिलाएं, पुरुष, बच्चे व बुजुर्ग सभी शामिल थे और एक दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर होली खेलते हुए चले।
डीजे पर बजते श्याम बाबा के भजनों पर सभी ने नृत्य किया। जगह-जगह इत्र व फूलों की वर्षा कर स्वागत किया गया। धीरे-धीरे शोभयात्रा प्रताप एन्क्लेव स्थित खाटू श्याम मंदिर में पहुंच गई। जहां पर पूजन के साथ शोभायात्रा का समापन हुआ। इसके बाद भंडारा हुआ। शोभयात्रा में कैलाश नारायण अग्रवाल, कुंज बिहारी, हितेश, संजय रवि, मनीष, अमित, डॉ. रवि मोहन, निखिल रमन, कुलदीप, नीतू, पूजा, जितेंद्र, अशोक अग्रवाल, गोविंद राम, डॉ. गौरव कौशल, अंशुमान अग्रवाल, रामचंद्र सिंघल, प्रेम अग्रवाल, रूपेश बोरा आदि शामिल रहे।
शाहजहांपुर में निकाली गई सतरंगी निशान शोभायात्रा में निशान लेकर चलते खाटू श्याम भक्त । संवाद- फोटो : SHAHJAHANPUR
सतरंगी निशान शोभायात्रा में शामिल खाटू श्याम बाबा की झांकी। संवाद- फोटो : SHAHJAHANPUR
सतरंगी निशान शोभायात्रा में खाटू श्याम बाबा का जय जयकार करते श्रद्धालु। संवाद- फोटो : SHAHJAHANPUR