क्षेत्र के गांव तारापुर में चल रहे गुरुकुल विद्यालय के एक छात्र के अपहरण की दो बाइक सवार युवकों ने कोशिश की। बाइक सवार छात्र को ले जा रहे थे, तभी छात्र के शोर मचाने पर वे उसे छोड़कर भाग गए। पुलिस ने छात्र को उसके पिता के सुपुर्द कर दिया है।
फर्रुखाबाद के थाना मऊ दरवाजा अंतर्गत गांव भिड़ौर निवासी पुष्पेन्द्र सिंह यादव का सात वर्षीय पुत्र प्रतीक यहां तारापुर गांव में चल रहे गुरुकुल विद्यालय में कक्षा एक में पढ़ता है। शुक्रवार सुबह छात्र प्रतीक को उसके पिता पुष्पेन्द्र सिंह सर्दी के कपड़े देने आये थे। पिता के जाते ही प्रतीक उनके पीछे-पीछे गुरुकुल परिसर से बाहर निकल गया। इसी समय दो युवक लाल रंग की बाइक से निकले और छात्र प्रतीक को घुमाने के बहाने बाइक पर बैठाकर चल दिए।
छात्र प्रतीक अंजान लोगों की बाइक पर बैठकर चला तो गया, लेकिन जरीनपुर गांव में ढाईघाट चौराहे पर पहुंचते ही उसने शोर मचा दिया। छात्र के शोर मचाते ही बाइक सवार युवक उसे छोड़कर जलालाबाद रोड पर भाग गए। चौराहे पर लोगों ने एक व्यक्ति को बालक के अपहरण की सूचना दी। उसने बालक प्रतीक को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने बालक से पूछताछ कर उसके पिता को बुलाकर सौंप दिया। इस मामले में कोई अभियोग पंजीकृत नहीं करवाया गया है।