शाहजहांपुर। यूपी बोर्ड की दसवीं और 12वीं की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य ने दूसरे दिन तेजी पकड़ी। काॅपियों में छात्र-छात्राएं पास करने के लिए गुरुजनों से अनुनय-विनय कर रहे हैं। देवी प्रसाद कॉलेज में दसवीं की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन में छात्र ने लिखा है कि सर, हम बहुत गरीब हैं। हमें पास होने के लिए 57 नंबर जरूर दे दीजिएगा।
नगर में दसवीं के दो और 12वीं के चार सेंटरों पर यूपी बोर्ड की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन दूसरे दिन भी जारी रहा। जनपद में पांच लाख उत्तर पुस्तिकाओं का आवंटन किया गया। एबी रिच कॉलेज और देवी प्रसाद कॉलेज में बृहस्पतिवार को दसवीं की 24081 काॅपियों का मूल्यांकन किया गया। इसी तरह एसपी कॉलेज, स्वामी धर्मानंद कॉलेज, जीआई और इस्लामिया कॉलेज में 12वीं की 15841 काॅपियों को जांचा गया। डीआईओएस के सख्त निर्देश के बावजूद अभी शत-प्रतिशत परीक्षक सेंटरों पर नहीं पहुंच रहे हैं। आवंटित 2387 परीक्षकों में मात्र 994 ही मूल्यांकन केंद्रों पर पहुंचे हैं। इसे लेकर डीआईओएस ने नाराजगी व्यक्त की है।
वित्तविहीन विद्यालयों के शिक्षक बना रहे दूरी
-मूल्यांकन केंद्रों पर शहरी क्षेत्र के परीक्षक तो पहुंच रहे हैं, लेकिन वित्तविहीन विद्यालयों के परीक्षक दूरी बना रहे हैं। उनके नहीं आने से काॅपियों का मूल्यांकन तेजी नहीं पकड़ पा रहा है। डीआईओएस ने सख्त निर्देश दिए कि मूल्यांकन करने नहीं आने वाले शिक्षकों पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
-
दो दिन में इतनी जांची गईं काॅपियां
-दो दिन में दसवीं में 36,800 और बारहवीं में 23,495 काॅपियों को जांचा गया है। दसवीं की 2,79,726 और बारहवीं की 1,31,368 काॅपियां शेष रह गई हैं। कंट्रोल रूम प्रभारी संजय मौर्या ने बताया कि शुक्रवार से परीक्षकों के बढ़ने से मूल्यांकन का कार्य गति पकड़ेगा।