शाहजहांपुर में सोमवार को वणिज्यकर अधिकारी को ज्ञापन देते ईट निर्माता कल्याण समिति के पदाधिकारी
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। जनपद के ईंट निर्माताओं ने केंद्रीय जीएसटी कौंसिल की बैठक में ईंट उद्योग पर जीएसटी की दर बढ़ाने और कर निर्धारण के लिए वार्षिक टर्नओवर की सीमा घटाने का कड़ा विरोध किया है। इस संबंध में उन्होंने सोमवार को वाणिज्य कर उपायुक्त एपी राय से भेंट कर अपना पक्ष रखा और शाहजहांपुर ईंट निर्माता कल्याण समिति की ओर से केंद्रीय वित्त मंत्री के नाम ज्ञापन देकर ईंट उद्योग पर करों में वृद्धि का प्रस्ताव वापस लेने की मांग की।
समिति के जिलाध्यक्ष राकेश कपूर ने कहा कि कोरोना महामारी मेें न केवल ईंट व्यवसाय चौपट हो गया, जन साधारण का कामकाज भी प्रभावित हुआ। इसके बावजूद केंद्रीय जीएसटी कौंसिल की गत 17 सितंबर को हुई बैठक में लाल ईंट पर करों की वृद्धि के कई प्रस्ताव पारित कराना सरकार का अन्यायपूर्ण कदम है। ज्ञापन में कहा है कि 40 लाख रुपये सालाना टर्नओवर वाली निर्माण इकाइयां कर मुक्त हैं, लेकिन ईंट उद्योग पर टर्नओवर सीमा घटाकर 20 लाख रुपये सालाना कर दी गई।
ज्ञापन के अनुसार 1.5 करोड़ सालाना टर्नओवर वाली ईंट निर्माण इकाइयों पर जीएसटी की दर एक से बढ़ाकर छह प्रतिशत करने से यह उद्योग पूरी तरह चरमरा जाएगा। इस दौरान समिति के जिला मंत्री अशोक खन्ना, पूर्व जिलाध्यक्ष कृष्ण कुमार गर्ग, प्रकाश कलानी, प्रतुल गर्ग, जमाल खां, निकुंज कलानी, अनुज सिंघल, आरिफ किरमानी, दिलशाद अली, साबिर खां आदि शामिल रहे।