लिहर में चुनाव पर चर्चा करते लोग । संवाद
- फोटो : SHAHJAHANPUR
तिलहर। विधानसभा चुनाव परिणाम आने में मात्र 10 दिन शेष हैं। ऐसे में लोग नई सरकार के बारे में तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। सोमवार को मंडी समिति की ओर जाने वाले मार्ग पर स्थित ओम जलपान गृह पर चाय पीने आए लोगों के बीच चुनावी चर्चा होती रही। आमतौर पर लोगों ने स्थायी और पूर्ण बहुमत की सरकार बनने की बात मजबूती से उठाई। साथ ही बिना भेदभाव के विकास कार्य कराने की उम्मीद की।
मोहल्ला निजाम गंज निवासी शेखर अग्रवाल ने कहा कि सरकार पूर्ण बहुमत की बननी चाहिए। ऐसा होने से क्षेत्र का विकास होगा। किसी पार्टी को स्पष्ट बहुमत न मिलने पर दोबारा चुनाव होने की संभावना बनी रहती है। इससे दोबारा करोड़ों रुपये खर्च होते हैं। इसका बोझ आम आदमी को ही उठाना पड़ता है। मोहल्ला पचासा निवासी एसके सिंह और सचिन सिंह ने भी पूर्ण बहुुमत की सरकार का समर्थन किया। कहा कि जो भी सरकार बने, वह सभी को सुरक्षा और विकास के मुद्दे से जोड़ें।
पंजाबी कॉलोनी निवासी श्रेयांश गुप्ता ने कहा कि उन्होंने पहली बार मतदान किया है। जो भी विधायक बने वह क्षेत्र का समुचित विकास कराए। तिलहर क्षेत्र में विकास की खराब हालत किसी से छिपी नहीं है। इसी दौरान हिंदू पट्टी के गौतम सैनी बोले कि बेरोजगारी बहुत बड़ी समस्या है। युवा अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं। जो भी सरकार आए, युवाओं के भविष्य को देखते हुए रोजगार के साधन उन्हें उपलब्ध कराए।
मोहल्ला हिंदू पट्टी निवासी संचित शर्मा और ललित शर्मा ने कहा कि वोट लेने के बाद नेता अपने किए गए वायदों को भूल जाते हैं। वोट लेने के दौरान हाथ-पैर जोड़कर अपना उल्लू सीधा कर लेते हैं। यह बात गलत है। विधायक को क्षेत्र के विकास पर ध्यान देना चाहिए। इस दौरान चाय की आवाज लगाते हुए गांव सरेली के अनुज कुमार बोले कि जीतने के बाद नेता अपनी मनमानी ही करते हैं। फिर भी मेरी राय है कि सरकार पूर्ण बहुमत की आनी चाहिए और महंगाई पर अंकुश लगाकर युवाओं को रोजगार मिलना चाहिए।
नगर के मोहल्ला कुंवरगंज निवासी सक्षम भटनागर बोले, अब अधिक बात करने से क्या फायदा है। 10 दिन रह गए हैं। सब कुछ सामने आने वाला है। सक्षम ने कहा कि भाजपा और सपा के बीच सीधा मुकाबला है। इन्हीं में से किसी दल की सरकार बनने की सबसे ज्यादा संभावनाएं हैं।