महानवमी पर मां दुर्गा के नवम स्वरूप मां सिद्धिदात्री की पूजा अर्चना और कन्या भोज के साथ शारदीय नवरात्र का समापन हो गया। इससे पूर्व मां भगवती के भक्तों ने हवन पूजन कर सुख-समृद्धि की कामना की। इसी के साथ भक्तों ने नवरात्र के उपवासों का परायण भी किया।
शारदीय नवरात्र के अंतिम दिन घरों में सजे मंडपों में मां दुर्गा के नवम स्वरूप मां सिद्धिदात्री का आवाहन कर उनकी स्तुति की गई। पूजा-अर्चना और हवन के बाद भक्तों ने कन्याओं को भोज कराया और उन्हें उपहार तथा नगद दक्षिणा देकर आशीर्वाद लिया। बड़ी संख्या में भक्तों ने मंदिरों में भी पहुंचकर दही-जलेबी से कन्याओं को भोज कराकर दक्षिणा दी और आशीर्वाद लिया।
गायत्री शक्ति पीठ में बच्चों के हुए संस्कार
गायत्री शक्ति पीठ में चल रहे मां गायत्री के अखंड जप का समापन कर महानवमी को नौ कुंडीय यज्ञ का आयोजन किया गया। कन्या भोज और भंडारा के बाद अभिभावकों ने बच्चों के संस्कार भी कराए। कुछ ने जन्मदिन मनाया, तो कुछ ने मंडन, तख्ती पूजन, पुंसवन, विद्यारंभ आदि संस्कार कराए। इस अनुष्ठान में में राजाराम मौर्य, उर्मिला ठाकुर, नरेंद्र सिंह, सोनपाल, बादशाह शर्मा, गंगाराम, मायाराम, महेश राणा, राजेश, सोहन पाल, बाबूराम, रंजीत वर्मा, संजय आदि का योगदान रहा।
शिव मंदिर में मनाया गया श्री दुर्गोत्सव
लाला तेली बजरिया स्थित शिव मंदिर में भजन-कीर्तन, हवन और कन्या भोज के साथ नवरात्र उत्सव मनाया गया। पुजारी सुरेश चंद्र मिश्र की देखरेख में हुए आयोजन में आरती के पश्चात हलवा-चना का प्रसाद बांटा गया। आयोजन में राम कुमार अग्रवाल, सुनील अग्रवाल, सुधीर अग्रवाल, राम औतार सक्सेना, प्रमिला अग्रवाल, छमा अग्रवाल, सुधांशु, संतोष यादव, दीपांशु आदि का योगदान रहा।
साईं बाबा की प्रतिमा स्थापित
शाहजहांपुर। शहर के मोहल्ला हुसैनपुरा स्थित ब्रह्मदेव मंदिर में साईं बाबा की प्रतिमा की स्थापना की गई। आचार्य करुणाकांत ने अमित श्रीवास्तव आदि के साथ मंत्रोच्चार के बीच साईं बाबा की प्रतिमा की स्थापना कराई। शुक्रवार को सुबह 10 बजे से भंडारा होगा। आयोजन में सर्वेश श्रीवास्तव, सरोज श्रीवास्तव, अनूप श्रीवास्तव, आदर्श श्रीवास्तव, विवेक राठौर, राहुल, शिवम, चंदन, अंकित, सौरभ, शैलेष सक्सेना, किरन श्रीवास्तव आदि का योगदान रहा।