नगर के गुरु तेगबहादुर एजुकेशनल एकेडमी में बच्चों ने दशहरा श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया। इस मौके पर बच्चों ने रामलीला का मंचन भी किया।
स्कूल के चिनाव हाउस, सतलज हाउस, व्यास हाउस और रावी हाउस के बच्चों ने रावण के पुतले बनाए और कई झांकियां भी प्रस्तुत कीं। झांकियों में राम के रावण का वध करने, सीता हरण, लक्ष्मण के मूर्छित होने, राम दरबार आदि का प्रदर्शन किया गया। अंत में शिक्षकों की देखरेख में रावण के पुतले का दहन भी किया गया।
बच्चों ने ड्रेस कंपटीशन में भी भाग लेकर हनुमान, राम, सीता, लक्ष्मण आदि की वेशभूषा धारण की। प्रधानाचार्य आलोक मिश्रा ने बच्चों की लगन और मेहनत की सराहना करते हुए उन्हें दशहरा पर्व के बारे में जानकारी दी और सत्य के मार्ग पर चलने को प्रेरित किया। प्रबंधक जसवीर सिंह ने बच्चों को पुरस्कार प्रदान किए। आयोजन में अवनीश मिश्रा, गोपाल मिश्रा, हरदेव सिंह, सुनील मिश्रा, साधना त्रिवेदी, हरमीत कौर सहित तमाम शिक्षकों का सहयोग रहा।
तिलहर। नगर में विजय दशमी का त्योहार हर्षोल्लास और धूमधाम से मनाया गया। अनेक स्थानों पर शस्त्र पूजन कर लोगों ने बुराई पर अच्छाई की विजय का उत्सव मनाया। व्यापारियों ने अपने अपने संस्थानों पर खातों और लेखनी का पूजन किया। बिरियागंज में बच्चों ने रावण का पुतला बनाकर रामलीला का मंचन किया। बाद में उसे आग के हवाले कर दिया। इस दौरान आर्जव, अर्थव, सक्षम, अभय, अवी, शुभम, शिवम, अक्षत, अभिजीत, शिवांश, आदि बच्चों ने भाग लिया।