शाहजहांपुर। थाना सदर बाजार क्षेत्र की रेलवे कॉलोनी निवासी केंद्रीय विद्यालय-प्रथम की कक्षा पांच की छात्रा प्रशंसा शर्मा (10) की रोडवेज बस अड्डे के पास रोडवेज बस से कुचलकर मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक छात्रा अचानक अचानक हड़बड़ाकर साइकिल समेत गिर गई और बस का पहिया उसके सिर से गुजर गया।
रेलवे के टेलीकॉम विभाग में अनुरक्षक के पद पर कार्यरत सर्वेश शर्मा की बेटी प्रशंसा शर्मा साइकिल से केंद्रीय विद्यालय पढ़ने जाती थी। शुक्रवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे वह साइकिल से स्कूल से लौट रही थी। रोडवेज बस स्टैंड के पास भीड़ अधिक होने के कारण बस से थोड़ा आगे चल रही प्रशंसा की साइकिल असंतुलित होकर गिर गई।
प्रशंसा सड़क पर गिरी और पीछे से आ रही बस का पहिया उसके सिर के ऊपर से निकल गया। शोरशराबा सुनकर मौके पर पहुंची पुलिस ने छात्रा को राजकीय मेडिकल कॉलेज भेजा। यहां पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने रोडवेज बस को कब्जे में ले लिया है। बस का चालक मौके से भाग गया।