पॉवर कारपोरेशन के पैना स्थित 220 केवी ट्रांसमिशन स्टेशन से निगोही रोड के गदियाना पॉवर सब स्टेशन को बिजली देने वाली 33 केवी इनकमिंग लाइन शनिवार सुबह बारिश के दौरान ब्रेकडाउन के शिकंजे में आ गई। इस लाइन फाल्ट के चलते अन्य कई सब स्टेशनों का बिजली सप्लाई सिस्टम लड़खड़ा गया। इस वजह से सैकड़ों घरों मेें दिन भर बिजली संकट बना रहा।
सुबह करीब सात बजे बरसात की रफ्तार धीमी थी, लेकिन हवा तेज थी। इसी दौरान 33 केवी लाइन से बिजली सप्लाई मिलनी बंद हो गई। इसी आधार पर अभियंताओं का अनुमान है कि बारिश में भीगे तार हवा की वजह से आपस में टकराने से लाइन में शार्ट सर्किट हो गया। खास यह है कि दिन ढले तक पेट्रोलिंग जारी रहने पर भी लाइन में फाल्ट नहीं मिल सका।
क्षेत्र के प्रभारी अवर अभियंता अलंकृत मिश्रा के अनुसार लाइन का तार कहीं टूटा नहीं मिला। अनुमान है कि किसी पोल पर जंपर उड़ा है। दिन में हुई बारिश से भी फाल्ट तलाश करने में रुकावट पड़ी। उन्होंने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों को वैकल्पिक व्यवस्था के तहत अब्दुल्लागंज सब स्टेशन की दूसरी लाइन से फीडर वार बारी-बारी बिजली दी जा रही है। रविवार को सुबह फाल्ट ठीक हो जाने की उम्मीद है।
इन क्षेत्रों में रहा बिजली का संकट
बीबीजई हद्दफ, लाल इमली चौराहा, पुरानी आवास विकास कालोनी आंशिक, सुभाषनगर, प्रोफेसर कालोनी, ईदगाह, मामुड़ी, महमंद जंगला, लोहारों का चौराहा, मदराखेल, आनंदपुरम, सिंजई आंशिक, जिया खेल, अब्दुल्लागंज आदि क्षेत्रों की बिजली सप्लाई में बाधा पड़ी।