शासन स्तर से स्वीकृत तथा उप्र सेतु निर्माण निगम द्वारा 4.85 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित हनुमतधाम के खन्नौत पुल का निर्माण कार्य गत अप्रैल में पूरा हो चुका है। इसी के साथ टू व्हीलर समेत साइकिल सवारों की इस पुल से बिसरात-रेती के बीच आवाजाही शुरू हो चुकी है, लेकिन अभी तक टू लेन वाले पुल के दोनों ओर एप्रोच रोड का निर्माण नहीं किए जाने से वाहनों का सामान्य ट्रैफिक थमा है। अब मानसून की बरसात का दौर शुरू हो जाने से एप्रोच रोड का निर्माण कार्य दिसंबर से पहले पूरा होने की उम्मीद नहीं है।
बिसरात घाट पर हनुमान जी की विशाल प्रतिमा स्थापित होने के बाद से हनुमत धाम शहर के प्रमुख पर्यटन स्थल के तौर पर उभरा है। वहां श्रद्धालुओं समेत आम नागरिकों की आवाजाही बढ़ने पर भाजपा विधानमंडल दल के नेता एवं नगर विधायक सुरेश कुमार खन्ना ने गत वर्ष शासन स्तर पर प्रयास करके हनुमत धाम को सीधे रेती क्षेत्र से जोड़ने के लिए बिसरात घाट स्थित खन्नौत नदी पर पुल स्वीकृत कराया।
शासन ने हनुमत धाम के 120 मीटर लंबे खन्नौत पुल के लिए 4.85 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया। साथ ही उप्र सेतु निर्माण निगम को कार्यदायी संस्था नामित किया। सेतु निगम की बरेली इकाई ने अपनी देखरेख में गत वर्ष 15 नवंबर से पुल का निर्माण कार्य शुरू कराया। साथ ही नियत कार्य पूर्ति अवधि गत 30 अप्रैल तक पुल का निर्माण कार्य पूरा कर लिया। अब पुल के दोनों ओर करीब तीन किमी लंबी एप्रोच रोड लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड को बनानी है।
एप्रोच रोड के लिए मिट्टी कार्य मई माह में शुरू करा दिया गया, लेकिन एक चौथाई मिट्टी कार्य भी पूरा नहीं हो सका कि मानसून ने दस्तक दे दी। एप्रोच रोड बनने पर नेशनल हाईवे पर रोजा मंडी के पीछे स्थित बाईपास के नजदीक मेजबान होटल की ओर से आने वाले वाहन केरूगंज का चक्कर काटने के बजाय सीधे इसी पुल के माध्यम से शहर के अंदर आ सकेंगे। इसी तरह रेती क्षेत्र के लोगों का शहर से सीधा जुड़ाव संभव हो जाएगा।
00000000000000000000000000000
सेतु निगम ने पुल निर्माण का अपने हिस्से का काम तय समय सीमा में पूरा कर लिया है। एप्रोच रोड बनाने की जिम्मेदारी पीडब्ल्यूडी के प्रांतीय खंड को दी गई है। मिट्टी कार्य में देरी होने के कारण पुल का लोकार्पण रुका हुआ है।
-सुनील गोस्वामी, जेई, राज्य सेतु निर्माण निगम
0000000000000000000000000000000000
लोनिवि प्रांतीय खंड के एक्सईएन आरके सिंह के निर्देश पर हनुमत धाम पुल की एप्रोच रोड के लिए मिट्टी डालने का काम दो माह पहले शुरू करा दिया गया। इसके लिए बजट की कोई कमी नहीं है। बरसात में मिट्टी की उपलब्धता कम हो गई है। साथ ही भराव के लिए डाली जाने वाली बहने की आशंका है। इसीलिए निर्माण कार्य में रुकावट पड़ी है। दिसंबर तक रोड का निर्माण और कोलताल लेपन का काम पूरा हो जाने की उम्मीद है।
-एसपी पांडेय, अवर अभियंता, लोनिवि प्रांतीय खंड