पुवायां। स्वास्थ्य विभाग इन दिनों संचारी रोग नियंत्रण अभियान चल रहा है। लेकिन पुवायां सीएचसी पर गंदगी और अव्यवस्थाएं हावीं हैं। यहां दूसरी मंजिल पर शौचालय के गेट के पास रखे कूड़ेदान कचरे से भरे हैं। एक शौचालय का गेट नीचे से टूटा हुआ है तो दूसरे में ताला लगा लटका हुआ है।
डॉक्टर और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी अक्सर लोगों को स्वच्छता का पाठ पढ़ाते नजर आते हैं। संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत गोष्ठी कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है। लेकिन दूसरों को जागरूक करने वाले महकमे का ही हाल बेहाल है। पुवायां सीएचसी के कूड़ेदान के पास एक कोने को थूकदान बना दिया है। यहां स्टाफ के ही लोग पान मसाला खाकर गंदगी फैला रहे हैं।
काम नहीं कर रहा फ्रिज
सीएचसी पर रोगियों और तीमारदारों के लिए एक फ्रिज लगा हुआ है, लेकिन यहां ठंडा पानी नहीं मिल रहा है। फ्रिज के पास भी गंदगी है। मजबूरन लोग पीने के लिए हैंडपंप से पानी लेने को विवश होते हैं।
दो डॉक्टरों सहित कई पद रिक्त
पुवायां सीएचसी में गंदगी और पेयजल की समस्या के अलावा स्टाफ की भी कमी है। यहां छह डॉक्टरों की तैनाती होनी चाहिए, लेकिन यहां केवल चार डॉक्टर ही हैं। विशेषज्ञ महिला चिकित्सक की तैनाती भी नहीं है। एक महिला डॉक्टर ही तैनात हैं, जिस कारण महिला रोगियों को सही से इलाज नहीं मिल पाता है। सीएचसी पर छह स्टाफ नर्स होनी चाहिए, लेकिन तीन नर्स की तैनात हैं। तीन वार्ड ब्वॉय के सापेक्ष एक, तीन सफाईकर्मियों के सापेक्ष दो और दो लैब टेक्नीशियन के सापेक्ष एक तैनात है।
एक सफाईकर्मी की कमी है। इसलिए कुछ समस्या होती है। फ्रीजर सही काम कर रहा है। कूड़ेदान गलत जगह रख दिए हैं, इन्हें हटवा दिया जाएगा। साफ-सफाई की व्यवस्था सही है। -डॉ. मोहम्मद आसिफ, अधीक्षक सीएचसी पुवायां
पुवायां सीएचसी पर शौचालय का टूटा दरवाजा- फोटो : POWAYAN