गोली से घायल गैंगस्टर को अस्पताल ले जाती पुलिस। स्रोत: मीडिया सेल
शाहजहांपुर। निगोही थाना क्षेत्र में मुठभेड़ में पुलिस की गोली लगने से गैंगस्टर फुरकान कुरैशी निवासी मोहल्ला ग्यासपुर थाना बीसलपुर जिला पीलीभीत घायल हो गया। वह पिछले कई महीने से वांछित चल रहा था। आरोपी ने अपने चार अन्य साथियों के नाम भी बताए हैं। उनकी तलाश पुलिस ने शुरू कर दी है।
शनिवार तड़के निगोही पुलिस भर्री वसंतपुर मोड़ पर संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। तभी मुखबिर ने सूचना दी कि गैंगस्टर एक्ट का वांछित व गोकशी मामले का अभियुक्त फुरकान कुरैशी शाहजहांपुर-पीलीभीत सीमा पर खनंका स्थित दूध फैक्टरी के पास अपने साथियों का इंतजार कर रहा है।
एसपी राजेश द्विवेदी ने बताया कि निगोही थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को देखकर अभियुक्त ने जान से मारने की नीयत से दो राउंड फायर किया। पुलिस ने किसी तरह खुद को बचाते हुए जवाबी कार्रवाई की। इस बीच पुलिस की गोली अभियुक्त के दाहिने पैर में घुटने के नीचे लगी।
फुरकान के गिरते ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक देशी तमंचा व कारतूस बरामद हुए। उसके ऊपर दो गोवध निवारण अधिनियम व एक ऑर्म्स एक्ट का मुकदमा दर्ज है। आरोपी ने पुलिस को बताया कि गोवंश के मांस को बीसलपुर व पीलीभीत में ले जाकर बेचता था।
कुछ दिन पहले थाना निगोही में गोकशी के मुकदमे में जेल गया था। उसके बाद अदालत से जमानत हो गई थी। पुलिस के अनुसार, आरोपी को रिजवान उर्फ पैंदा निवासी ग्राम तालगांव, नईम, अनस उर्फ कासिब, अफजाल निवासी ग्राम धुल्लिया थाना निगोही ने यह कहकर बुलाया था कि किसी गोवंशीय पशु की हत्या कर मांस को बेच देंगे। दोपहर में एसपी ने एसपी सिटी देवेंद्र कुमार, एसपी ग्रामीण भांवरे दीक्षा अरुण, सीओ सिटी पंकज पंत के साथ राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचकर घायल के बारे में जानकारी ली।