लोगों ने एसडीएम और सीओ को दिया पत्र, दुकान हटवाए जाने की मांग
आबादी के बीच धर्मस्थल के पास शराब की दुकान खोले जाने से लोगों में रोष है। बुधवार को एसडीएम और सीओ को पत्र देकर शराब की दुकान आबादी से बाहर कराए जाने की मांग की गई है।
नगर के मोहल्ला आनंद वाटिका के तमाम लोग बुधवार को एसडीएम अजय कुमार तिवारी और सीओ अरुण कुमार से मिले। लोगों ने बताया कि न्यायालय के आदेश में शराब की दुकान हाईवे से पांच सौ मीटर दूर किए जाने की बात है। इसके अलावा जहां शराब की दुकान हो वहां पर आबादी और धर्मस्थल आदि नहीं होने चाहिए, लेकिन आनंद वाटिका में निगोही रोड पर शराब की दुकान आबादी के बीच में खोली गई है। शराब दुकान के पास ही शिव शक्ति आश्रम और कई स्कूल भी हैं।
दुकान से लोग शराब खरीदकर पीते हैं औैर हो हल्ला मचाते हैं। इससे मोहल्ले के लोग परेशान हैं और बच्चों पर भी खराब असर पड़ रहा है। यहां के लोगों ने शराब की दुकान को दूर हटवाए जाने की मांग की है। पत्र पर सियाराम, बेद प्रकाश पांडे, रविंद्र, रामसेवक, उमाशंकर, हिमांशु मिश्रा, संजीव, राजेश कुमार, हरिओम, आलोक शर्मा, नरेंद्र, मोहित, रामपाल सहित तमाम लोगों के हस्ताक्षर हैं।