शाहजहांपुर। तिलहर थाना क्षेत्र के गांव सहबेगपुर निवासी जगदीश वर्मा की बाइक में सोमवार को मौजमपुर के पास डीसीएम ने टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर घायल हो गए। इस बीच शाम छह बजे राजकीय मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
56 वर्षीय जगदीश वर्मा रविवार को पत्नी बिटोली देवी के साथ जनपद हरदोई के थाना शाहबाद के गांव गौहरा स्थित ससुराल गए थे। दंपती सोमवार को वहां से लौट रहे थे। दोपहर तीन बजे मौजमपुर के पास पहुंचने पर जगदीश वर्मा ने सड़क पार करने के लिए बिटोली देवी को बाइक से उतार दिया। उन्होंने पत्नी से पैदल ही सड़क के दूसरी तरफ आने के लिए कहा। जबकि खुद बाइक से रोड पार करने लगे।
इस बीच सामने से आई डीसीएम ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। चालक डीसीएम को भगा ले गया। आंखों के सामने डीसीएम चालक द्वारा पति के टक्कर मारे जाने पर बिटोली देवी बिलख पड़ी। शोर मचाया तो आसपास के तमाम लोग इकट्ठा हो गए।
राहगीरों की मदद से उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। शाम करीब छह बजे उपचार के दौरान जगदीश ने दम तोड़ दिया। इसके बाद पुलिस ने शव मॉर्चरी में रखवा दिया। पति की मौत से बिटोली देवी दहाड़े मारकर रोने लगी। बेटे अवनीश, रोहित, रचित और श्याम भी काफी गमजदा हैं।