शाहजहांपुर। जलालाबाद के गांव काजरबोझी निवासी आसाराम कश्यप (55 वर्ष) की उसके दोस्त ने गोली मारकर हत्या कर दी। रंजिश की वजह से वारदात को अंजाम देने की बात सामने आ रही है। आरोपी सड़क के किनारे शव फेंककर भाग गया।
मेहनत-मजदूरी करने वाले आसाराम की गांव के सुमेर पंडित से रंजिश थी। काफी दिन विवाद चलने के बाद कुछ समय पहले दोनों ने अपने गिले-शिकवे दूर कर दोस्ती कर ली थी। परिजनों के अनुसार, बृहस्पतिवार की शाम को आसाराम को सुमेर अपने साथ ले गया था। आरोप है कि टॉपर गांव जाने वाले मार्ग पर उसकी गोली मारकर हत्या कर दी। गोली उसकी गर्दन में लगी है। रात करीब दस बजे पुलिस को शव पड़ा होने की सूचना मिली। थाना प्रभारी प्रदीप राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
सीओ अमित चौरसिया ने भी पड़ताल की। इसके बाद शव की पहचान कराई गई। सूचना पर देर रात मृतक के परिजन भी रोते-बिलखते हुए मौके पर पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि सुमेर ने गोली मारकर हत्या की है। दोनों साथ में रहते थे।
सूचना पर एसपी देहात मनोज अवस्थी मौके पर पहुंचे और निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि आरोपी की तलाश में पुलिस टीम गठित कर दी गई है। तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।