जलालाबाद। क्षेत्र के गांव कूरेबंडा में शनिवार रात चारपाई पर लेटे ग्रामीण को उसी के दोस्त ने लाठी डंडों से पीटकर अधमरा कर दिया। परिजन गांव में ही दवा दिलवाने के बाद सुबह अस्पताल ले जाने का इंतजार करने लगे, लेकिन तड़के तीन बजे ग्रामीण की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इधर, मृतक के बेटे की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज किया है।
गांव के रामनरेश (48) की चार दिन पहले गांव में ही रहने वाले दोस्त धर्मेंद्र से शराब पीने के दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी के साथ गाली गलौज हो गई थी। इसके बाद से उन दोनों का आपस में उठना बैठना बंद हो गया, लेकिन धर्मेंद्र उससे रंजिश मानने लगा। शनिवार रात खाना खाने के बाद रामनरेश घर के पास ही स्थित बग्गर में चारपाई पर लेट गया। रात करीब 11 बजे वहां पहुंचे धर्मेंद्र ने रामनरेश पर लाठी से पीटना शुरू कर दिया। उसे लात घूंसों से भी पीटा। रामनरेश के चिल्लाने पर आसपास के लोग दौड़े तो धर्मेंद्र भाग गया। हमले में रामनरेश को अंदरूनी गंभीर चोटें आने पर घरवाले समझ नहीं सके और गांव के झोलाछाप से दवाई लेकर सुबह अस्पताल ले जाने का इंतजार करने लगे। लेकिन चोट व दर्द से कराहते रामनरेश की करीब तड़के तीन बजे मौत हो गई। सुबह सूचना पर सीओ ब्रह्मपाल सिंह व कोतवाल रवि कुमार मौके पर पहुंचे। मामले में मृतक के बेटे आरेंद्र की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी धर्मेंद्र के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मृतक के घर में पत्नी रामप्यारी के अलावा दो लड़के व दो लड़कियां है। कोतवाल ने बताया कि आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।
कई सालों से थी जिगरी दोस्ती, खाना पानी होता था साथ
गांव वालों के अनुसार रामनरेश और धर्मेंद्र के बीच कई सालों से पक्की दोस्ती थी। उठना-बैठना ही नहीं उनका खाना पीना भी साथ होता था। अविवाहित धर्मेंद्र जब अपने भाई से अलग हो गया, तब उसकी परेशानी को देखते हुए रामनरेश ने अपने घर पर ही उसके खाने आदि की व्यवस्था करा दी थी। मामूली कहासुनी हो जाने पर ही धर्मेंद्र अपने दोस्त की जान का दुश्मन बन गया।