पुुवायां। गांव आयूं निवासी राजाराम की पत्नी रामवती देवी ने बताया कि बैंक ऑफ इंडिया की पुवायां शाखा में उनका खाता है। उनका खाते में कर्ज माफी योजना का लाभ मिलना था। खुद को बैंक का डीलर बताने वाला गांव भैंसटा निवासी नन्हेंलाल और बैंक के पूर्व प्रबंधक गोपाल कृष्ण जायसवाल ने उन्हें और उनके पुत्र हरीराम और अरविंद को बैंक बुलाया और कहा कि रामवती पर 24 हजार रुपये बकाया हैं। रुपये जमा कर दें, जिससे खाता निल हो सके।
प्रबंधक के कहने पर उन्होंने 24 हजार रुपये जमा कर दिए। नन्हेलाल और बैंक मैनेजर ने उनके साथ ही उनके पुत्रों के भी कुछ कागजों पर अंगूठे लगवा लिए और घर भेज दिया। कुछ दिन पूर्व बैंक के नए प्रबंधक ने उनको अवगत कराया कि उन पर 1.06 लाख रुपये का कर्ज है। जानकारी पाकर वह नन्हेलाल के घर गईं तो नन्हेलाल ने बताया कि पूर्व मैनेजर ने तुम्हारा रुपया निकाला है।
बैंक जाने पर वर्तमान प्रबंधक ने थाने में शिकायत करने को कहा। रामवती ने कहा कि वह और उनके पुत्र अशिक्षित हैं, जिसका लाभ उठाकर बैंक के पूर्व प्रबंधक और नन्हेंलाल ने उनके खाते से 16 जुलाई 2020 को 97 हजार रुपये निकाल लिए हैं। उनकी बैंक पासबुक भी आरोपियों के पास है। रामवती की तहरीर पर बैंक के पूर्व प्रबंधक और नन्हेंलाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।