शाहजहांपुर। लखनऊ-दिल्ली नेशनल हाईवे-24 पर रविवार सुबह एसटीएफ बरेली और शाहजहांपुर की एसओजी व रामचंद्र मिशन थाने की पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी। टीमों ने अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्कर गैंग के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया। उनके पास 13 किलो, 200 ग्राम अफीम और 53 हजार रुपये बरामद किए हैं। आरोपी उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर व बरेली के रहने वाले हैं।
एसपी एस. आनंद ने बताया कि एसटीएफ बरेली के निरीक्षक अजय पाल व एसओजी शाहजहांपुर के प्रभारी रोहित सिंह ने रामचंद्र मिशन पुलिस के साथ लखनऊ की ओर से आ रही स्कार्पियो व पिकअप गाड़ी में बैठे लोग संदिग्ध लगने पर खन्नौत पुल के पास रोक लिया। दोनों गाड़ियों की चेकिंग करने पर सवार लोग आपत्ति करने लगे। टीम को शक होने पर गहनता से तलाशी ली तो 13.2 किलो अफीम बरामद हुई। चारों आरोपियों को रामचंद्र मिशन थाने लाकर पूछताछ की गई।
एसपी ने बताया कि आरोपी अवतार सिंह निवासी कस्बा व थाना किच्छा जिला ऊधम सिंह नगर, बलवीर सिंह निवासी पढ़ेरी कस्बा, थाना किच्छा जिला ऊधम सिंह नगर (उत्तराखंड), कासिब निवासी शेखपुर दक्षिणी मोहम्मदपुर चौराहा थाना बहेड़ी जिला बरेली, खूबकरन निवासी खकई नगर थाना बहेड़ी जिला बरेली के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
यह हुआ बरामद
पुलिस ने 13 किलो, 200 ग्राम अफीम, एक स्कॉर्पियो, एक बोलेरो पिकअप, 53 हजार रुपये नकद, चार मोबाइल फोन।
1.40 लाख रुपये किलो बेचते थे अफीम
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह ये अफीम यूपी-बिहार बॉर्डर के जनपद सोनभद्र के चोपन, राबर्ट्सगंज के पास चतरा झारखंड निवासी रॉकी राज से लेकर आए हैं। अफीम को एक लाख रुपये प्रति किलो के हिसाब से खरीदकर उत्तराखंड में 1.40 लाख रुपये किलो के हिसाब से बेच देते थे। इस लेन-देन का सारा हिसाब नकद होता है। तस्कर अवतार सिंह ने बताया कि रॉकी राज ही अफीम की सप्लाई देता था। कभी-कभी वह अपने गुर्गों के जरिये मादक पदार्थ भिजवाता था।