निगोही पुलिस की गिरफ्त में चोरी के आरोपी। स्रोत: पुलिस
शाहजहांपुर। बिहार के गोपालगंज समेत जिले में कई जगह हुईं चोरी की वारदात का निगोही पुलिस ने शनिवार को खुलासा कर दिया। पुलिस ने मुठभेड़ में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से सोने-चांदी के जेवर भी बरामद किए गए हैं।
निगोही इंस्पेक्टर वीपी सिंह रात में गश्त पर थे। ग्राम भटियुरा पृथ्वीपुर से पहले कच्चे रास्ते पर चार संदिग्ध व्यक्तियों को टाेका तो उन्होंने जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। एसपी सिटी संजय कुमार ने बताया कि गिरफ्तार निगोही के गांव मिलकिया निवासी लक्ष्मण, दलगंजन सिंह, कैलाश व मुख्य बाजार निवासी रवि कुमार वर्मा के पास से तमंचे, 2.942 किलो चांदी, 155 ग्राम पीली धातु व 21000 रुपये बरामद हुए हैं। रवि वर्मा सर्राफा व्यापारी है। आरोपियों से चोरी का माल खरीदता था।
एसपी सिटी ने बताया कि लक्ष्मण, दलगंजन व कैलाश ने बिहार के गोपालगंज में ज्वैलरी की दुकान से चोरी की थी। डेढ़ माह पहले जेल रोड पर ई-रिक्शा से युवती का पर्स चोरी किया था। सात महीने पहले हरदोई बाइपास के मोहल्ला तहवरगंज में मकान का ताला तोड़कर चोरी की थी। इसी तरह एक महीने पहले अल्हागंज के रघुनाथपुर गांव में चोरी की वारदात की थी।
-
जेब काटने की वारदात को देते थे अंजाम
-कैलाश ने पुलिस को बताया कि दो महीने पहले निगोही में एक व्यक्ति की जेब काटकर 19 हजार रुपये, मिर्जापुर के ढाईघाट रोड पर जेब काटकर 66 हजार रुपये उड़ाए थे। रुपयों को आपस में बांट लिया था।