दो दिन पहले घातक रसायनों से फल पकाए जाने की शिकायत पर मोहम्मदी रोड की केला प्रसंस्करण यूनिट पर छापेमारी कर चुके खाद्य सुरक्षा विभाग के अफसरों ने आम के सीजन को ध्यान में रखते हुए शनिवार को रोजा नवीन मंडी स्थल की दोे फल आढ़तों पर छापा मारा। अधिकारियों ने क्रेट में कच्चे आम पकाने के लिए रखीं कार्बाइड पाउडर की पुड़िया भी जब्त कीं। दोनों आढ़तोें से आम के साथ जब्त कार्बाइड के नमूने सील किए गए हैं। इस बीच, कैंट एरिया में दूध का एक नमूना लिया गया।
समय से पहले बाजार में आए आम की गुणवत्ता परखने के लिए मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी डीपी सिंह ने अधीनस्थों की टीम के साथ रोजा की फल मंडी में जाकर छापेमारी की तो आढ़तों पर अफरातफरी मच गई। अधिकारियों ने फल आढ़त वजीर अहमद एंड संस और मोहम्मद यूनुस एंड कंपनी के गोेदाम में तहकीकात की तो अधपके आम से भरी क्रेटों कार्बाइड पाउडर की पुड़िया निकलीं। सीएफएसओ के अनुसार वजीर अहमद एंड संस के संचालक वजीर अहमद और मोहम्मद यूनुस एंड कंपनी के संचालक मोहम्मद यूनुस की मौजूदगी में आम के साथ जब्त की गईं कार्बाइड पुड़िया के दो नमूने लिए गए हैं। इस बीच, कैंट एरिया में लाल बंगला के पास सिंधौली क्षेत्र के गांव सैजना निवासी संजय सिंह से दूध का नमूना लिया गया। उन्हाेंने बताया कि नमूनों को जांच के लिए राजकीय जन विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी जुुगुल किशोर, देवेेश सिंह, रामजी शुक्ला आदि शामिल रहे।