रोजा स्थित चर्च कॉलोनी में भरे जा रहे गड्ढे। संवाद
- फोटो : सांकेतिक
रोजा। ट्रेन से टकराकर बाइक सवार दंपती समेत पांच लोगों की मौत होने के बाद चर्च कॉलोनी का मार्ग बंद कराने के मामले में वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना के हस्तक्षेप पर रेलवे प्रशासन हरकत में आ गया। सोमवार को मार्ग पर आवागमन रोकने के लिए खोदे गए गड्ढों को मिट्टी से भरवाकर समतल कर दिया गया। इसके साथ ही मार्ग से आवाजाही सुगम हो गई है।
रेल प्रशासन ने हादसे की वजह बनी क्राॅसिंग को बंद करा दिया था। स्टेशन से आबादी की ओर जुड़ने वाले अन्य मार्ग भी बंद करा दिए गए थे। इससे चर्च कॉलोनी के बाशिंदों समेत उन रेल कर्मचारियों को भी दिक्कत होने लगी जो बंद किए गए मार्गों से आते-जाते थे। कॉलोनी वालों ने बीते दिन स्टेशन का निरीक्षण करने आए मंडल रेल प्रबंधक की मौजूदगी में वहां पहुंचे वित्त मंत्री को अपनी समस्या बताई।
इस पर वित्त मंत्री ने डीआरएम को चर्च कॉलोनी का मार्ग खुलवाने के लिए ऐसी व्यवस्था कराने के लिए कहा कि लोग सुरक्षित तरीके से आवागमन कर सकें।
वित्त मंत्री की मंशा के अनुसार रेलवे कर्मचारियों ने सोमवार को सुबह से जेसीबी मशीन की मदद से गड्ढों को भरने का कार्य प्रारंभ कर दिया। मौके पर पूर्व चेयरमैन अजय कुमार गुप्ता उर्फ पोता भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि वित्त मंत्री के निर्देश पर रास्ता खोले जाने से क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। उत्तर रेलवे के वरिष्ठ खंड अभियंता ने बताया कि उच्च अधिकारियों से निर्देश मिलने के बाद चर्च कॉलोनी मार्ग पर खोदे गए गड्ढों को भरवा दिया गया है।